यमुनानगर एनकाउंटर: पुलिस की गोली से घायल हुआ काला राणा गैंग का शूटर, सरपंच के घर की थी फायरिंग
May 06, 2026 10:13 AM
यमुनानगर। यमुनानगर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के थाना छप्पर इलाके में स्थित कूलपुर गांव के पास हुई एक सनसनीखेज मुठभेड़ में पुलिस ने काला राणा गैंग के खूंखार बदमाश अमन को दबोच लिया। बताया जा रहा है कि अमन किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना ने पुलिस को उसके करीब पहुंचा दिया। जब सीआईए की टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, तो सरेंडर करने के बजाय उसने अत्याधुनिक हथियारों से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
15 राउंड फायरिंग से थर्राया इलाका, पैर में गोली लगने से गिरा बदमाश
पुलिस और अपराधी के बीच यह टकराव इतना भीषण था कि देखते ही देखते दोनों तरफ से करीब 15 राउंड गोलियां चलीं। बदमाश अमन ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायर झोंके, जिसकी जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। इसी क्रॉस फायरिंग में एक गोली अमन के बाएं पैर में जा लगी, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके से पुलिस को एक संदिग्ध बाइक, एक पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पूर्व सरपंच पर फायरिंग का आरोपी और काला राणा का कनेक्शन
डीएसपी रजत गुलिया के मुताबिक, पकड़ा गया बदमाश अमन मूल रूप से पानीपत का रहने वाला है। उसकी क्राइम कुंडली खंगालने पर पता चला कि वह कुख्यात गैंगस्टर काला राणा और नोनी राणा के इशारों पर काम करता है। बीते 22 अप्रैल की सुबह रादौर क्षेत्र के भूरे के माजरा गांव में पूर्व सरपंच के घर पर जो दहशतगर्दी हुई थी, उसमें भी अमन मुख्य आरोपी था। उस दिन तीन बदमाशों ने पूर्व सरपंच के आवास पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं और फरार हो गए थे। तब से ही यमुनानगर पुलिस की टीमें इन शूटरों की तलाश में एड़ी-चोटी का जोर लगा रही थीं।
अब खुलेगा फायरिंग के पीछे का असली राज
इस एनकाउंटर के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है, लेकिन जांच अभी बाकी है। पुलिस अब अमन से यह उगलवाने की कोशिश करेगी कि पूर्व सरपंच के घर पर फायरिंग करने के पीछे का असली मकसद क्या था? क्या यह रंगदारी का मामला था या फिर आपसी रंजिश में काला राणा गैंग ने यह सुपारी दी थी? डीएसपी का कहना है कि आरोपी के ठीक होते ही उसे रिमांड पर लिया जाएगा, जिसके बाद गैंग के अन्य सदस्यों और इनके आगामी प्लान के बारे में अहम खुलासे होने की उम्मीद है।