कलीराम हत्याकांड में बड़ा खुलासा, सीसीटीवी से बचने के लिए सिर पर सफेद कपड़ा ओढ़कर आया था कातिल
May 28, 2026 11:36 AM
यमुनानगर। यमुनानगर के फरकपुर इलाके में प्रॉपर्टी डीलर कलीराम की बेरहमी से की गई हत्या के मामले में सीआईए-2 की गिरफ्त में आए आरोपी गुलजार सिंह ने पुलिस रिमांड के दौरान बेहद चौंकाने वाले राज उगले हैं। कड़ाई से की गई पूछताछ में यह साफ हो गया है कि यह वारदात कोई अचानक उपजे गुस्से का नतीजा नहीं थी, बल्कि गुलजार 15 मई की सुबह अपने घर से कलीराम की जान लेने का पूरा मन बनाकर निकला था। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने काफी समय पहले कपालमोचन मेले से एक धारदार चाकू खरीदा था, जिसे उसने घर के भीतर ही एक पेंट के डिब्बे में छिपाकर रखा हुआ था।
रेकी कर जुटाया हौसला, सीसीटीवी कैमरों को गच्चा देने की थी तैयारी
आरोपी ने कबूला कि 15 मई की सुबह करीब 10 बजे जब वह अपने घर से निकला, तो रास्ते में उसे एक लावारिस थैला और सफेद रंग का कपड़ा मिला। उसने तुरंत अपने सिर का पटका खोलकर थैले में रखा और डिब्बे से चाकू निकालकर उसी में डाल लिया। इलाके के सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचने के लिए उसने उस सफेद कपड़े को अपने सिर पर ओढ़ लिया ताकि पुलिस उसकी पहचान न कर सके। करीब साढ़े 10 बजे वह कलीराम के ऑफिस के पास पहुंचा, लेकिन कलीराम को दफ्तर के भीतर बैठा देख वह पहली बार में आगे निकल गया। कुछ देर बाहर चक्कर काटने और हिम्मत जुटाने के बाद वह दोबारा वापस मुड़ा और सीधे कलीराम के दफ्तर में दाखिल हो गया।
30 हजार का विवाद और वो एक टिप्पणी, जिसने कलीराम की जान ले ली
पुलिस की तफ्तीश के मुताबिक, गुलजार जब दफ्तर के अंदर जाकर बैठा, तब कलीराम फोन पर किसी से बात करने में व्यस्त थे, जिसके चलते आरोपी को काफी देर तक सही मौके का इंतजार करना पड़ा। फोन कटने के बाद दोनों के बीच ₹30,000 के पुराने बकाए को लेकर दोबारा बहस शुरू हो गई। गुलजार का दावा है कि इस बातचीत के दौरान कलीराम ने न सिर्फ उसे कड़े ताने मारे, बल्कि उसकी पत्नी को लेकर भी कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर दीं। इस बात से गुलजार का खून खौल उठा और उसने थैले से चाकू निकालकर कलीराम पर हमला बोल दिया। आरोपी ने बताया कि उस वक्त उस पर खून सवार था, इसलिए उसे खुद याद नहीं कि उसने कलीराम के शरीर पर कहां-कहां और कितनी बार वार किए।
कत्ल के बाद उतारे कड़े और अंगूठी, साक्ष्य मिटाने की कोशिश
हमले के बाद जब कलीराम पूरी तरह लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़े और उनकी सांसें थम गईं, तो आरोपी की नजर उनके सोने के कड़े और अंगूठी पर पड़ी। गुलजार ने कलीराम के हाथ से कड़ा, अंगूठी और जेब में रखी नकदी निकाली, उसे अपने थैले में डाला और मौके से भाग खड़ा हुआ। वारदात के बाद घबराहट में उसने अपने खून से सने कपड़े, हत्या में इस्तेमाल चाकू और थैले को रास्ते में ही झाड़ियों के भीतर फेंक दिया, जबकि कीमती सामान अपने साथ ले गया। सीआईए-2 के इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि आरोपी फिलहाल चार दिन के पुलिस रिमांड पर है और पुलिस टीमें उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार और लूटे गए गहनों की रिकवरी के लिए छापेमारी कर रही हैं।