शादी के 13 दिन बाद दुल्हन की मौत, स्कूल बस ने बाइक सवार ननद-भाभी को कुचला
May 12, 2026 12:30 PM
यमुनानगर। यमुनानगर के गंगानगर कॉलोनी में अभी शादी की मिठाइयों का स्वाद कम भी नहीं हुआ था कि एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने पूरे परिवार को उजाड़ कर रख दिया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे, 25 वर्षीय खुशबू अपने पति शिवकुमार और 18 वर्षीय ननद पूजा के साथ बाइक पर सवार होकर पंचमुखी हनुमान मंदिर में माथा टेकने जा रही थीं। किसी ने सोचा भी नहीं था कि भक्ति का यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। छछरौली-पांवटा साहिब हाईवे पर मानकपुर इंडस्ट्री के पास पीछे से आ रही एक निजी स्कूल बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे का खौफनाक मंजर: पहिए के नीचे आया सिर
चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। बदकिस्मती से खुशबू बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गई और उसका सिर कुचला गया, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, यूपी के इटावा से भाई की शादी में शामिल होने आई पूजा ने भी बस की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही प्राण त्याग दिए। शिवकुमार को गंभीर हालत में राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। हादसे के वक्त बस में करीब 15 स्कूली बच्चे सवार थे, जो इस मंजर को देख बुरी तरह सहम गए।
परिजनों का आरोप- नशे में धुत्त था बस चालक
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। शिवकुमार के पिता रामदिया ने बिलखते हुए आरोप लगाया कि बस चालक नशे की हालत में था। उन्होंने कहा कि ड्राइवर की लापरवाही ने मेरी बहू और बेटी की जान ले ली, अगर बस अनियंत्रित होकर पलट जाती तो कई मासूम बच्चों की जान भी जा सकती थी। स्थानीय लोगों ने भी स्कूल बसों की बेलगाम रफ्तार पर रोष जाहिर किया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को कब्जे में ले लिया और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है।
13 दिन पहले ही बंधा था शादी का बंधन
गंगानगर कॉलोनी निवासी शिवकुमार, जो शहर में डिलीवरी बॉय का काम करता है, उसका विवाह 29 अप्रैल को खुशबू के साथ बड़ी धूमधाम से हुआ था। घर में अभी नई दुल्हन के स्वागत की रस्में और मेहमानों का आना-जाना जारी था। पूजा भी इसी शादी के जश्न में शामिल होने आई थी और कुछ दिन बाद वापस लौटने वाली थी। लेकिन एक झटके में दो अर्थियां उठने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की कानूनी छानबीन शुरू कर दी है।