Search

यमुनानगर में बाइक सवार हमलावरों का तांडव, किसान की हत्या कर फरार

May 11, 2026 11:37 AM

यमुनानगर। यमुनानगर के थाना छप्पर के अंतर्गत आने वाले गांव बाल छप्पर में आज की सुबह खौफनाक रही। प्रत्यक्षदर्शी राजकुमार ने बताया कि सुबह करीब सवा पांच बजे जब वे सो रहे थे, तभी बाहर से कुछ तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। पहले तो लगा कि शायद किसी वाहन का टायर फटा होगा, लेकिन जब घर से बाहर निकलकर देखा तो कदमों तले जमीन खिसक गई। घर के ठीक सामने गांव का ही सतनाम सिंह खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा था। राजकुमार ने शोर मचाकर गांव वालों को इकट्ठा किया, लेकिन तब तक बाइक सवार हमलावर आंखों से ओझल हो चुके थे।

घर में अकेले रहते थे सतनाम, परिजन रहते हैं बाहर

ग्रामीणों ने बताया कि सतनाम सिंह स्वभाव से बेहद शांत थे और अपनी शारीरिक अक्षमता (मूक-बधिर) के बावजूद कड़ी मेहनत कर खेती करते थे। उनकी पत्नी और बेटा गांव से बाहर रहते हैं, जिसके चलते वे घर में अकेले ही थे। गांव के पूर्व सरपंच जरनैल सिंह ने बताया कि सतनाम का किसी से कोई सीधा विवाद तो नहीं था, लेकिन गांव में पहले हुई कुछ वारदातों के तार इस हत्याकांड से जुड़े हो सकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों को सतनाम के आने-जाने के समय की सटीक जानकारी थी और वे रेकी करके आए थे।

सीसीटीवी की मदद से कातिलों तक पहुंचने की कोशिश

सूचना मिलते ही डीएसपी रजत गुलिया और एसएचओ थाना छप्पर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोल बरामद किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। डीएसपी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस इस मामले को हर एंगल से देख रही है। गांव के निकास द्वारों और मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या हाल के दिनों में सतनाम का किसी से कोई जमीनी या निजी विवाद हुआ था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!