यमुनानगर होटल फ्रॉड: सेवन सीज होटल बेचने के नाम पर सहारनपुर के युवकों से 55 लाख की ठगी
May 08, 2026 4:12 PM
यमुनानगर। शहर के मॉडल टाउन जैसे वीआईपी इलाके में प्रॉपर्टी डील के नाम पर एक बड़ी धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 'सेवन सीज' होटल को बेचने का झांसा देकर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी दो युवकों से 55 लाख रुपये ठग लिए गए। जिस आलीशान होटल को 'बेदाग' बताकर सौदा किया गया, बाद में वह बैंक में गिरवी पाया गया। पुलिस ने इस मामले में मॉडल टाउन के ही रहने वाले संजीव शर्मा और उनकी पत्नी आरती शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
साजिश के तहत बुना गया भरोसे का जाल
सहारनपुर की जनकपुरी कॉलोनी के रोहित मलिक और गिल कॉलोनी के रविंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात संजीव शर्मा और उसकी पत्नी आरती से हुई थी। दंपती ने उन्हें बताया कि मॉडल टाउन में उनका 561 वर्ग गज में बना 'सेवन सीज' होटल है, जिसे वे बेचना चाहते हैं। उन्होंने कागजात दिखाते हुए भरोसा दिलाया कि पूरी संपत्ति हर तरह के विवाद और कर्ज से मुक्त है। झांसे में आकर रोहित और रविंद्र ने 5 करोड़ 48 लाख रुपये में होटल खरीदने का सौदा पक्का कर लिया।
लोन की बात छिपाई, किस्तों में वसूल लिए 55 लाख
समझौते के मुताबिक, खरीदारों ने 50 लाख रुपये बयाने (बयाना राशि) के तौर पर चेक के जरिए दिए। इकरारनामे में रजिस्ट्री के लिए सितंबर 2025 की तारीख तय की गई। इसी बीच, आरोपियों ने जरूरत बताकर 5 लाख रुपये और मांगे, जो उन्हें आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए गए। लेकिन जैसे ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया करीब आई और दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की गई, तो पैरों तले जमीन खिसक गई।
जांच में खुली पोल: बैंक के पास गिरवी था होटल
जब पीड़ितों ने स्वतंत्र रूप से संपत्ति की जांच करवाई, तो पता चला कि जिस होटल को वे अपना समझ रहे थे, उस पर पहले से ही पिरामल फाइनेंस और हीरो फिनकॉर्प का करीब 2 करोड़ 78 लाख रुपये का भारी-भरकम लोन चल रहा है। आरोपियों ने इस लोन के बारे में रत्ती भर भी जानकारी नहीं दी थी। जब पीड़ितों ने इस पर जवाब मांगा, तो आरोपियों ने पहले तो लोन चुकाकर एनओसी (NOC) देने का वादा किया, लेकिन न तो उन्होंने एनओसी दी और न ही रजिस्ट्री के लिए आए।
धमकी और कानूनी कार्रवाई
पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने अपने 55 लाख रुपये वापस मांगे, तो आरोपी दंपती अपनी रसूख का हवाला देकर उन्हें धमकाने लगे। थक-हारकर सहारनपुर के इन युवकों ने यमुनानगर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद संजीव शर्मा और आरती शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस दंपती ने पहले भी किसी और को इसी तरह अपनी बातों के जाल में फंसाया है।