Search

यमुनानगर ट्रेन हादसा: ट्रैक पर बिखरे मिले शरीर के अंग, बाजू पर बना 'दिल' का टैटू ही अब आखिरी सुराग

May 06, 2026 11:52 AM

यमुनानगर। यमुनानगर रेलवे स्टेशन के पास बीती रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया। रेलवे पुल के पास एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चश्मदीद तो नहीं थे, लेकिन मौके पर मिले अवशेष हादसे की भयावहता चीख-चीखकर बयां कर रहे थे। मृतक का चेहरा इस कदर कुचल चुका था कि उसे पहचानना नामुमकिन है, वहीं शरीर के अंग भी ट्रैक के आसपास बिखर गए।

10 मीटर दूर जा गिरी टांग, हाथ भी शरीर से हुआ अलग

जीआरपी थाना पुलिस को इस घटना की खबर रात करीब डेढ़ बजे मिली। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जब एसआई कुलदीप सिंह अपनी टीम के साथ यमुनानगर नहर पर बने रेलवे पुल के पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देख पुलिसकर्मी भी सिहर उठे। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि व्यक्ति की एक टांग कटकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरी थी और बायां हाथ भी शरीर से अलग मिला। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शरीर के हिस्सों को एकत्रित किया।

'दिल' का टैटू बनेगा शिनाख्त का जरिया

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। मृतक की जेब से कोई भी ऐसा दस्तावेज, मोबाइल या आईडी कार्ड नहीं मिला जिससे उसके नाम-पते का सुराग लग सके। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 45 साल लग रही है। पुलिस के हाथ अब एक ही ठोस सुराग लगा है—मृतक की दाहिनी बाजू पर बना 'दिल' का टैटू। इसी टैटू की फोटो को आसपास के जिलों और थानों में भेजा जा रहा है ताकि परिजनों का पता लगाया जा सके।

शिनाख्त के लिए 72 घंटे का इंतजार

फिलहाल जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल के शवगृह (मर्चरी) में रखवा दिया है। नियम के मुताबिक, शिनाख्त के लिए शव को 72 घंटों तक सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस लापता लोगों की सूची के साथ हुलिए का मिलान कर रही है। पुलिस का अंदेशा है कि व्यक्ति ट्रैक पार करते समय या लापरवाही के कारण ट्रेन की चपेट में आया होगा, हालांकि मामले की हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!