Search

यमुनानगर में नहर से लाल टी-शर्ट पहने युवक की मिली लावारिस लाश, 3 दिन पुराना है शव

May 27, 2026 5:14 PM

यमुनानगर। यमुनानगर जिले के पहाड़ी और मैदानी इलाकों को जोड़ने वाले ताजेवाला क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक लावारिस लाश मिलने से सनसनी फैल गई। दरअसल, पश्चिमी यमुना नहर के आरडी-900 पॉइंट पर तैनात नहरी विभाग के कर्मचारी हर रोज की तरह सुबह-सुबह नहर में तैरकर आने वाले कचरे और जालियों की सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी की नजर पानी के भीतर जाली में अटकी एक इंसानी देह पर पड़ी। कर्मचारी ने बिना वक्त गंवाए अपने सीनियर अफसरों को इसकी रिपोर्ट की, जिसके बाद तुरंत प्रतापनगर थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

कपड़ों से नहीं मिला कोई सुराग, लाल टी-शर्ट ही एकमात्र पहचान

सूचना पाकर प्रतापनगर थाना पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व कर्मचारियों की मदद से भारी मशक्कत के बाद शव को तेज बहाव से बाहर निकाला। पुलिस ने जब मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, तो निराशा हाथ लगी। जेब से ऐसा कोई भी कागजात, मोबाइल या बटुआ नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो पाती। मृतक युवक ने शरीर पर लाल रंग की टी-शर्ट पहनी हुई है। पानी में लगातार रहने के कारण शव काफी फूल चुका था, जिससे पुलिस का अनुमान है कि यह मौत करीब तीन दिन पहले हुई होगी और शव पीछे से बहकर यहां तक पहुंचा है।

शिनाख्त के लिए यूपी और उत्तराखंड पुलिस से साधा संपर्क

मामले की तफ्तीश में जुटे प्रतापनगर थाना प्रभारी (एसआई) रोहताश सिंह ने बताया कि शव को शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में अगले 72 घंटों के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है। चूंकि ताजेवाला का यह इलाका उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमाओं के बेहद नजदीक है, इसलिए पुलिस को अंदेशा है कि युवक पड़ोसी राज्यों से बहकर यहां आया हो सकता है। इसी लाइन पर काम करते हुए यमुनानगर पुलिस ने यूपी और उत्तराखंड के सीमावर्ती थानों को युवक का हुलिया और तस्वीरें भेज दी हैं ताकि हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट से इसका मिलान किया जा सके। फिलहाल पुलिस हादसे और हत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!