August 31, 2026

अखिल भारतीय भारत को जानो लिखित परीक्षा में 70 विद्यालयों के 11 हजार विद्यार्थियों ने लिया भाग

0
Nnl 9

Narnaul News: विद्यार्थियों को राष्ट्रीयता से जोड़ने के सशक्त माध्यम भारत को जानो प्रकल्प के अंतर्गत भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित ‘भारत विकास परिषद अखिल भारतीय भारत को जानो लिखित परीक्षा 2026 सोमवार 31अगस्त को पूरे देश के साथ-साथ नारनौल शाखा में भी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परिषद के क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव उत्तर क्षेत्र-2 महेंद्र शर्मा ने बताया कि भारत विकास परिषद एक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन है जो वर्ष 1963 से समाज में सुसंस्कारों की स्थापना और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है।
परिषद के पथ प्रदर्शक जस्टिस आदर्श कुमार गोयल राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुनील खेड़ा राष्ट्रीय महामंत्री, सुरेश जैन वरिष्ठ प्रचारक, राष्ट्रीय संगठन मंत्री के मार्गदर्शन में परिषद के कार्यक्रम पांच गतिविधियों – संस्कार, सेवा, पर्यावरण, संपर्क एवं महिला सहभागिता में विभाजित हैं। यह प्रतियोगिता वर्ष 2001 से देशभर में आयोजित की जा रही है। इसमें धर्म, परम्परा, इतिहास, भूगोल, संस्कृति, खेल, विज्ञान, साहित्य एवं समसामयिक विषयों को शामिल किया गया है।
शाखा अध्यक्ष मुकेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि शाखा नारनौल में इस वर्ष नारनौल, अटेली व नांगल चौधरी क्षेत्र के लगभग 70 विद्यालयों से करीब 11 हजार विद्यार्थियों ने सोमवार को इस परीक्षा में भाग लिया है। जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों एवं विद्यालय संचालकों में गजब का उत्साह देखने को मिला। संस्कार गतिविधि संयोजक डॉ. शिवकुमार यादव ने बताया कि यह परीक्षा पूरे देश में एक साथ 31 अगस्त 2026 को ओएमआर शीट पर आयोजित की गई।
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने वरिष्ठ व कनिष्ठ दो वर्गों में भाग लिया। प्रत्येक प्रतिभागी को राष्ट्रीय स्तर का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। लिखित परीक्षा में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अगले चरण की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिसके विजेता प्रांत और फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करेंगे।उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष इस प्रतियोगिता में पूरे भारत में लगभग 24 लाख विद्यार्थियों ने भाग लेकर रिकॉर्ड बनाया था, जिसमें नारनौल शाखा से आरपीएस स्कूल नारनौल की टीम ने कनिष्ठ वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम तथा यदुवंशी शिक्षा निकेतन नारनौल की टीम ने वरिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed