Dhand News: ढांड अनाज मंडी में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अशोक गुर्जर का किया जोरदार अभिनंदन, गूंजे नारे
ढांड अनाज मंडी में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अशोक गुर्जर का किया जोरदार अभिनंदन, गूंजे नारे
Dhand News: (नरेश ढांडा) हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर पहली बार गांव ढांड की नई अनाज मंडी पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। पूरी अनाज मंडी परिसर में भाजपा समर्थित नारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और स्मृतियों के रूप में पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी के साथ ऐतिहासिक अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह में मौजूद अपार जनसमूह को संबोधित करते हुए नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने सबसे पहले भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया का हृदय से आभार व्यक्त किया।
“तीन बार जिलाध्यक्ष, प्रभारी और अब प्रदेश उपाध्यक्ष — यह सिर्फ भाजपा में संभव”
अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए अशोक गुर्जर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी परिवार या व्यक्ति विशेष की पार्टी नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के पसीने से सींची गई लोकतांत्रिक संस्था है। यहां एक आम पृष्ठभूमि से आने वाला कार्यकर्ता भी अपनी निष्ठा, अटूट समर्पण और लगातार मेहनत के दम पर संगठन में बड़े से बड़े मुकाम तक पहुंच सकता है।
उन्होंने बताया, “पार्टी नेतृत्व ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता पर बार-बार विश्वास जताया है। मुझे तीन बार कुरुक्षेत्र का जिलाध्यक्ष बनने का अवसर मिला, इसके बाद पानीपत जिले का प्रभार सौंपा गया और अब प्रदेश उपाध्यक्ष जैसा गरिमामयी दायित्व दिया गया है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि शीर्ष नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए पूरे प्रदेश में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए दिन-रात एक कर दूंगा।”
क्षेत्र के नेताओं ने जताया आभार, बोले— संगठन को मिलेगा लंबे अनुभव का लाभ
इस अवसर पर ढांड मंडल अध्यक्ष एवं मार्केट कमेटी के चेयरमैन विजेंद्र मैहला ने कहा कि अशोक गुर्जर को प्रदेश की कोर टीम में उपाध्यक्ष बनाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनके लंबे सांगठनिक अनुभव का लाभ अब पूरे राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलेगा।
वहीं, गांव ढांड के सरपंच जसबीर गुर्जर ने कहा कि अशोक गुर्जर केवल एक नेता नहीं, बल्कि हर कार्यकर्ता के सुख-दुख के साथी हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता गुरनाम सिंह जाजनपुर ने कहा कि इस नियुक्ति से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में यह स्पष्ट संदेश गया है कि भाजपा में मेहनत और वफादारी कभी बेकार नहीं जाती।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष कठवाड़, ढांड मंडल उपाध्यक्ष कृष जाजनपुर, राजेंद्र गुर्जर, सतबीर सैन, देवीदयाल बरसाना, सुरेश संधू, ईश्वर बेगपुर, भीमसेन, बलकार गुर्जर, ब्लॉक समिति सदस्य बलिया राम, मक्खन सिंह और रामस्वरूप गांगल समेत भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
