Yamunanagar News: हरियाणा में फायर कर्मचारियों की हड़ताल 11 अगस्त तक बढ़ी, 6 महीने बाद भी शहीद फायरमैन के परिवारों को नहीं मिला न्याय
हरियाणा में फायर कर्मचारियों की हड़ताल 11 अगस्त तक बढ़ी
Yamunanagar News: हरियाणा में दमकल कर्मचारियों और प्रदेश सरकार के बीच टकराव एक बार फिर गहरा गया है। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के संयुक्त आह्वान पर यमुनानगर मुख्य दमकल केंद्र पर फायर कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों का गुस्सा इस बात को लेकर है कि फरीदाबाद अग्निकांड में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए दो फायरमैन के परिवारों को छह महीने बीत जाने के बाद भी सरकार द्वारा किए गए वादे के मुताबिक न्याय नहीं मिला है। सरकार की इस हठधर्मिता और ढुलमुल रवैये के खिलाफ यूनियन ने अब अपनी हड़ताल को 11 अगस्त तक बढ़ाने का ऐलान कर दिया है।
समझौते के तीन महीने बाद भी लिखित आदेश नहीं: विजेंद्र सिंह
यमुनानगर मुख्य दमकल केंद्र पर तीसरे दिन के धरने की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रधान विजेंद्र सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने याद दिलाया कि 16 फरवरी 2026 को फरीदाबाद अग्निकांड में फायरमैन रणवीर सिंह और भविचंद शर्मा शहीद हो गए थे। उनके आश्रितों को न्याय दिलाने के लिए कर्मचारियों ने 8 अप्रैल से 14 मई तक 37 दिनों का लंबा संघर्ष किया था। इसके बाद 13 मई को सरकार और यूनियन के बीच एक अहम समझौता हुआ।
समझौते के तहत सरकार ने दोनों शहीदों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि, परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी और भविष्य में ऐसी घटनाओं के लिए एक नियमित पॉलिसी बनाने का वादा किया था। इसके अलावा पेरोल फायर कर्मचारियों को पक्का करने और कौशल रोजगार (HKRN) वाले कर्मचारियों को 58 वर्ष की आयु तक नौकरी की गारंटी देने पर भी सहमति बनी थी। विजेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार ने 30 जून तक इन मांगों को लागू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तीन महीने बीत जाने के बाद भी किसी मांग का लिखित परिपत्र (नोटिफिकेशन) जारी नहीं हुआ है।
11 अगस्त के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
धरना स्थल पर मौजूद यूनियन के राज्य मुख्य संगठनकर्ता संतोष कुमार और राज्य प्रेस सचिव रिंकू कुमार ने आर-पार की लड़ाई का संकेत दिया। उन्होंने कहा, “सरकार अपने ही किए वादों से मुकर रही है, जिससे प्रदेश भर के फायर कर्मचारियों में भारी रोष पनप रहा है। इसी वादाखिलाफी के चलते राज्य कमेटी ने हड़ताल को 11 अगस्त तक बढ़ाने का सख्त निर्णय लिया है।”
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 11 अगस्त तक सरकार ने मानी गई मांगों के आधिकारिक पत्र जारी नहीं किए, तो उसी दिन राज्य कमेटी की आपात बैठक बुलाकर इस हड़ताल को ‘अनिश्चितकालीन हड़ताल’ में तब्दील कर दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सीधे तौर पर हरियाणा सरकार की होगी।
कई अन्य संगठनों ने दिया समर्थन
फायर कर्मचारियों के इस आंदोलन को विभिन्न कर्मचारी संगठनों का भी मजबूत साथ मिल रहा है। शनिवार को धरने पर रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान जोत सिंह, सचिव सोमनाथ, ब्लॉक सचिव जरनैल सिंह चिनालिया, मैकेनिकल 41 के जिला सचिव प्रेम प्रकाश, स्वास्थ्य विभाग से विजय कुमार और अध्यापक संघ से सुरेंद्र सैनी पहुंचे। सभी नेताओं ने फायर कर्मचारियों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया। इसके अलावा दमकल विभाग से तेजिंदर सिंह, अमित कुमार, रामकुमार, रविंद्र कुमार, परमाल, पंकज कश्यप, दविंदर सिंह, विक्की वालिया और विक्रम सिंह समेत दर्जनों कर्मचारियों ने सभा को संबोधित कर अपनी आवाज बुलंद की।
यह भी पढ़ें– मई में मानी 17 मांगें, पर नहीं जारी हुए पत्र, यमुनानगर में नगर पालिका कर्मचारी संघ का फूटा गुस्सा
