HPSC PGT Result: एचपीएससी ने जारी किया रिजल्ट, 456 अभ्यर्थियों का परिणाम होल्ड पर

एचपीएससी ने जारी किया रिजल्ट, 456 अभ्यर्थियों का परिणाम होल्ड पर
HPSC PGT Result: हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) कंप्यूटर विज्ञान भर्ती परीक्षा का बहुप्रतीक्षित परिणाम जारी कर दिया है। हालांकि, नतीजों के सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि योग्य अभ्यर्थियों की कमी या तकनीकी पेंच की वजह से हरियाणा और मेवात कैडर में कई पद खाली रह जाएंगे। आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, फिलहाल हरियाणा कैडर के 625 योग्य उम्मीदवारों का ही चयन परिणाम घोषित किया गया है।
456 अभ्यर्थियों का रिजल्ट अटका, मेवात कैडर में भी खाली पद
इस भर्ती प्रक्रिया में सबसे बड़ा पेंच 456 अभ्यर्थियों के परिणामों को लेकर फंसा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित विभाग और राज्य सरकार से कुछ नियमों व प्रशासनिक बिंदुओं पर स्पष्टीकरण (Clarification) लंबित होने के कारण इन उम्मीदवारों का रिजल्ट फिलहाल रोककर रखा गया है। वहीं, मेवात कैडर की बात करें तो कुल 78 पदों के मुकाबले आयोग ने केवल 5 अभ्यर्थियों का ही परिणाम घोषित किया है, जिससे वहां भी बड़े पैमाने पर पद रिक्त रह गए हैं।
1672 पदों के लिए आयोजित हुआ था इंटरव्यू
गौरतलब है कि पीजीटी कंप्यूटर साइंस भर्ती के तहत हरियाणा कैडर के 1594 और मेवात कैडर के 78 पदों को मिलाकर कुल 1672 रिक्तियों के लिए इसी साल 9 मार्च तक आवेदन मांगे गए थे। लिखित परीक्षा के बाद हाल ही में अभ्यर्थियों का साक्षात्कार (Interview) आयोजित किया गया था।
अदालती मामलों के कारण 4 पद खाली
आयोग की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, चल रहे कोर्ट केस के कारण कुल 4 पदों के परिणाम को सुरक्षित यानी रिक्त रखा गया है। इनमें 3 पद सामान्य श्रेणी (General Category) और 1 पद आरक्षित वर्ग का है। HPSC ने साफ कर दिया है कि यह पूरा भर्ती परिणाम पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में लंबित विभिन्न रिट याचिकाओं के अंतिम अदालती आदेशों के अधीन रहेगा।
यह भी पढ़ें– Haryana News: 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी
