Gurugram News: गुरुग्राम में डॉग फीडिंग पर मचा भारी बवाल, सड़क पर महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

गुरुग्राम में डॉग फीडिंग पर मचा भारी बवाल
Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम की चमचमाती हाई-राइज सोसाइटियों में आवारा कुत्तों (स्ट्रीट डॉग्स) को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हिंसक रूप लेने लगा है। ताजा मामला सेक्टर-67 स्थित ‘श्री वर्धमान मंत्रा’ सोसाइटी के बाहर का है, जहां गुरुवार देर रात स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिलाने पहुंची दो डॉग फीडर महिलाओं के साथ सोसाइटी के निवासियों ने जमकर बदसलूकी और मारपीट की।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर चीख-पुकार मच गई। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि सोसाइटी के कुछ लोगों और महिलाओं ने उन्हें घेर लिया, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उनके बाल तक खींचे। करीब दो घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
‘बाल खींचे, मोबाइल छीना और थप्पड़ मारे’— पीड़ित महिलाओं का छलका दर्द
घटना को लेकर पीड़ित डॉग फीडर रोज सूद और अंकिता ने सेक्टर-65 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता रोज सूद के अनुसार, वे रोजाना की तरह रात करीब साढ़े नौ बजे सोसाइटी के पास आवारा कुत्तों को खाना देने पहुंची थीं। इसी दौरान सोसाइटी के कुछ पुरुष और महिलाएं वहां आ पहुंचे और उन्हें धमकाते हुए तुरंत खाना बंद करने को कहने लगे।
पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने समझाया कि वे केवल बेजुबानों को भोजन दे रही हैं, तो उग्र भीड़ ने सुनियोजित तरीके से उन्हें घेर लिया। आरोप है कि जब उन्होंने इस पूरी घटना का वीडियो बनाना चाहा, तो उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की गई और उनके साथ हाथापाई की गई। महिलाओं ने मारपीट का एक वीडियो पुलिस को भी सौंपा है, जिसमें लोग उनके साथ बर्बरता करते दिख रहे हैं।
दूसरे पक्ष का आरोप— ‘गेट पर डालते हैं खाना, काटने दौड़ते हैं कुत्ते’
दूसरी ओर, सोसाइटी के निवासियों का इस पूरे विवाद पर बिल्कुल अलग रुख है। सोसाइटी निवासी सुनील राजपूत ने डॉग फीडर्स पर ही गंभीर आरोप लगाते हुए अपना पक्ष रखा। उनका कहना है कि ये महिलाएं सोसाइटी के नियमों और लोगों की सुरक्षा को पूरी तरह दरकिनार कर देती हैं।
निवासियों का दावा है कि ये महिलाएं लोगों के फ्लैट्स और मुख्य प्रवेश द्वारों के ठीक बाहर खाना डाल देती हैं। इस वजह से आवारा कुत्ते आक्रामक हो जाते हैं और वहां से गुजरने वाले छोटे बच्चों व बुजुर्गों पर हमला कर देते हैं। निवासियों का आरोप यह भी है कि समझाने पर ये महिलाएं बाहर से बाउंसर बुलाकर निवासियों को धमकाती हैं, जिससे पूरी सोसाइटी में डर का माहौल रहता है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। फिलहाल दोनों ही पक्षों की ओर से पुलिस में लिखित शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-65 थाना पुलिस ने घटनास्थल और सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल हो रहे वीडियो और सीसीटीवी की बारीकी से पड़ताल की जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि हिंसा की शुरुआत किसने की। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें– हरियाणा के हिसार में बुजुर्ग दंपती ने खाया सल्फास, मरते दम तक थामे रखा एक-दूसरे का हाथ
