Breaking: मोहाली में पति पत्नी ने खाया सल्फास, महिला की मौत, घअनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद

मोहाली में पती पत्नी ने खाया सल्फास
Breaking: मोहाली के जीरकपुर में शुक्रवार को एक दंपती ने कथित तौर पर सल्फास खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों पिछले कुछ समय से जीरकपुर के एक पीजी में रह रहे थे। घटना में पत्नी गगनदीप कौर की मौत हो गई, जबकि उनके पति हाकम सिंह की हालत गंभीर बताई गई है और उनका इलाज जारी है। मृतका की पहचान बरनाला के तक्खे के पत्ती सेखां की रहने वाली गगनदीप कौर के रूप में हुई है। उनके पति हाकम सिंह भी महमदपुर, बरनाला के रहने वाले हैं। दोनों ने लव मैरिज की थी।
सुसाइड नोट में 36 लाख की कथित ठगी का आरोप
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें हाकम सिंह ने आरोप लगाया है कि विदेश भेजने के नाम पर एक एजेंट ने दंपती से कुल 36 लाख रुपए लिए थे। आरोप के मुताबिक, दोनों ने एजेंट को 18-18 लाख रुपए दिए थे, लेकिन उन्हें विदेश नहीं भेजा गया और रकम भी वापस नहीं की गई। हाकम सिंह ने सुसाइड नोट में एजेंट के साथ अपनी पुरानी पहचान का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, आरोपी एजेंट उनके स्कूल का सहपाठी था और इसी जान-पहचान के कारण दंपती ने उस पर भरोसा किया।
विदेश जाने के लिए शादी का भी किया था जिक्र
सुसाइड नोट में हाकम सिंह ने बताया कि वह विदेश जाना चाहते थे और इसी सिलसिले में बरनाला कचहरी में एजेंट से उनकी बातचीत हुई थी। उनके मुताबिक, एजेंट ने पहले उनकी शैक्षणिक योग्यता और दस्तावेजों के बारे में जानकारी ली और फिर विदेश जाने के लिए IELTS करने की बात कही। नोट में हाकम सिंह ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने IELTS करने में असमर्थता जताई तो एजेंट ने IELTS कर चुकी लड़की के जरिए विदेश जाने का रास्ता बताया। इसके बाद कथित तौर पर एक लड़की से शादी करने और बाद में कनाडा भेजने की बात कही गई। सुसाइड नोट में इस संबंध में कई आरोप लगाए गए हैं, जिनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
पैसे नहीं लौटे तो तनाव में था दंपती
हाकम सिंह के सुसाइड नोट के मुताबिक, विदेश भेजने के लिए रकम देने के बाद भी जब उनका काम नहीं हुआ और पैसे वापस नहीं मिले तो दोनों मानसिक तनाव में थे। इसी के बाद शुक्रवार को दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गगनदीप कौर की मौत हो गई, जबकि हाकम सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस खंगाल रही 36 लाख रुपए के लेन-देन का रिकॉर्ड
पुलिस अब सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच में कथित एजेंट की भूमिका, दंपती से लिए गए 36 लाख रुपए, विदेश भेजने के लिए किए गए वादे और दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत से जुड़े तथ्यों को शामिल किया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर की जाएगी।
