Yamunanagar News: राज्यसभा सांसद कर्मबीर बौद्ध का भाजपा पर हमला, बोले- युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस

राज्यसभा सांसद कर्मबीर बौद्ध का भाजपा पर हमला, बोले- युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस
Yamunanagar News: संजीव चौहान (यमुनानगर) केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद कर्मबीर बौद्ध ने सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर जमकर निशाना साधा। जगाधरी में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद बौद्ध ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का धड़ल्ले से दुरुपयोग हो रहा है।
उन्होंने देश की मौजूदा कानून व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि विपक्ष के सर्वमान्य नेता राहुल गांधी को एक सामान्य एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी आठ-आठ घंटे तक सड़क पर धरने पर बैठना पड़ रहा है। यह घटनाक्रम खुद ब खुद बयां करता है कि देश में शासन तंत्र किस तरह काम कर रहा है।
युवाओं पर बर्बरता और पैलेट गन के इस्तेमाल पर घेरा
जंतर-मंतर पर अपने हक और भविष्य की लड़ाई लड़ रहे युवाओं के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कर्मबीर बौद्ध ने कहा कि आंदोलनकारी छात्रों और युवाओं के साथ जिस तरह का बर्बर व्यवहार किया गया, वैसा स्वतंत्र भारत के इतिहास में कभी देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो सरकार यह दावा करती है कि उसे नहीं पता कि युवाओं पर पैलेट गन किसने चलाई, वहीं दूसरी तरफ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके औपचारिकता पूरी की जा रही है। उन्होंने सवाल दागा कि जब पूरी सुरक्षा व्यवस्था सरकार के हाथ में है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय लीपापोती क्यों की जा रही है?
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश में अभिव्यक्ति की आजादी को पूरी तरह कुचला जा रहा है। अपने अधिकारों की मांग करने वाले युवाओं को ‘आतंकवादी’ और ‘पाकिस्तानी’ तक करार दे दिया जाता है, जो बेहद घटिया मानसिकता को दर्शाता है। सांसद ने साफ किया कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ेगी।
महंगाई की दोहरी मार और एथनॉल नीति पर सवाल
बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए सांसद बौद्ध ने कहा कि आम आदमी के रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। घरेलू उपयोग की जरूरी वस्तु चीनी के दाम अचानक 20 से 25 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो सरकार चीनी का इस्तेमाल एथनॉल बनाने के लिए कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इसका सीधा खामियाजा आम उपभोक्ता भुगत रहा है।
उन्होंने एथनॉल मिश्रित ईंधन से वाहनों के इंजन में आ रही तकनीकी खराबी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस शासन के दौरान जो रसोई गैस सिलेंडर महज ₹450 में मिलता था, वह आज ₹1100 के पार पहुंच चुका है।
राम मंदिर चंदे और हरियाणा कौशल रोजगार निगम पर साधा निशाना
राम मंदिर निर्माण के नाम पर जुटाए गए चंदे का मुद्दा उठाते हुए बौद्ध ने कहा कि जिस दल के लोग चंदे की हेराफेरी को सही ठहराने में लगे हों, उनका चरित्र जनता के सामने आ चुका है। पवित्र कार्य के नाम पर चंदा चोरी से बड़ा कोई अधर्म नहीं हो सकता।
हरियाणा के परिप्रेक्ष्य में बात करते हुए उन्होंने ‘हरियाणा कौशल रोजगार निगम’ (HKRN) को पूरी तरह असंवैधानिक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के जरिए हरियाणा के पढ़े-लिखे स्थानीय युवाओं का हक मारकर बाहरी लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं। इसके अलावा उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े सफाई कर्मचारियों को उनका पूरा हक, सम्मान और सेवा सुरक्षा देने की पुरजोर मांग उठाई।
एकजुट दिखी जिला कांग्रेस की टीम
प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस का संगठन पूरी तरह एकजुट नजर आया। सांसद बौद्ध ने इसके लिए स्थानीय टीम की सराहना की। इस मौके पर कांग्रेस के शहरी प्रधान देवेंद्र सिंह, ग्रामीण प्रधान नरपाल गुर्जर, ब्लॉक प्रधान लक्ष्मण विनायक, मोनिका डूमरा, निर्मला चौहान, जाकिर हुसैन और राजेंद्र वाल्मीकि सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें– नहर के रेलवे पुल पर दर्दनाक हादसा, बीकानेर एक्सप्रेस की चपेट में आने से मामा-भांजे की मौत
