Bollywood News: कंगना रनौत का बॉलीवुड सितारों पर पलटवार, बोलीं- जो 1% भी सफल नहीं, उनका ज्ञान नहीं सुनूंगी

कंगना रनौत का बॉलीवुड सितारों पर पलटवार, बोलीं- जो 1% भी सफल नहीं
Bollywood News: अपनी बेबाकी और तल्ख बयानों के लिए मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस और मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में पैपराजी से बातचीत के दौरान कंगना ने उन फिल्मी हस्तियों को आड़े हाथों लिया, जो समय-समय पर उनके खिलाफ बयानबाजी करते रहते हैं। कंगना ने दोटूक कहा कि जिन्होंने अपनी जिंदगी या करियर में उनकी बराबरी की कामयाबी हासिल नहीं की है, उनकी आलोचनाओं या नसीहतों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
कंगना ने साफ किया कि वह अब अपनी लगातार हो रही आलोचनाओं को चुपचाप नजरअंदाज करने के मूड में बिल्कुल नहीं हैं और हर हमले का करारा जवाब देंगी।
आशुतोष राणा से लेकर तापसी पन्नू तक को घेरा
सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कंगना रनौत ने आशुतोष राणा, सोनू सूद, तापसी पन्नू और राखी सावंत जैसे कलाकारों के बयानों का सिलसिलेवार जिक्र किया। कंगना ने आशुतोष राणा के उस पुराने बयान पर आपत्ति जताई, जिसमें कथित तौर पर उनकी तुलना अनर्गल टिप्पणी से की गई थी। वहीं, सोनू सूद को भी मर्यादा में रहकर व्यवहार करने की नसीहत दे डाली।
View this post on Instagram
इसके अलावा, कंगना ने तापसी पन्नू और राखी सावंत द्वारा अतीत में उनके माता-पिता, परवरिश और बैकग्राउंड को लेकर की गई टिप्पणियों पर गहरा असंतोष व्यक्त किया।
“अटेंशन पाने के लिए मेरा नाम इस्तेमाल करते हैं लोग”
अपने आक्रामक रुख को बरकरार रखते हुए कंगना ने कहा, “अगर कोई व्यक्ति मेरी तुलना में जीवन में 1 प्रतिशत भी सफलता हासिल नहीं कर पाया है, तो मैं उसका ज्ञान सुनने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हूं।” उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग सिर्फ मीडिया की सुर्खियों में बने रहने और पब्लिसिटी हासिल करने के लिए उनके नाम का सहारा लेते हैं।
एक्ट्रेस ने दोटूक लहजे में कहा कि वह केवल उन्हीं हस्तियों की सलाह या बात मानेंगी, जो करियर और जिंदगी के आयामों में उनसे ज्यादा सफल हैं।
यह भी पढ़ें– अक्षय कुमार की ‘समुक’ की शूटिंग शुरू, हॉलीवुड की टीम डिजाइन करेगी एलियन, 12 साल बाद विपुल शाह संग लौटे
