Kaithal News: कैथल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 अवैध पिस्तौल और कारतूसों के साथ 6 बदमाश गिरफ्तार

कैथल में पुलिस ने 6 अवैध पिस्तौल और कारतूसों के साथ 6 बदमाश गिरफ्तार
Kaithal News: कैथल जिले में आपराधिक वारदातों और अवैध हथियारों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए (CIA) और स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीमों ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 6 अलग-अलग स्थानों से 6 बदमाशों को अवैध असलाह के साथ दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 देसी पिस्तौल/कट्टे और 3 जिंदा कारतूस (रौंद) बरामद किए हैं।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपी अवैध हथियारों के दम पर क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया।
सीआईए-1 की टीम ने नरड़ बस अड्डे और प्यौदा रोड से दबोचे आरोपी
डीएसपी सुशील प्रकाश के मुताबिक, पहली कार्रवाई सीआईए-1 पुलिस टीम द्वारा की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नरड़ बस अड्डे के पास नाकाबंदी कर जनकपुरी कॉलोनी, कैथल निवासी जीतू को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ।
दूसरी कार्रवाई में सीआईए-1 की टीम ने एनएच-152 से गांव प्यौदा जाने वाले रास्ते पर दबिश देकर आरोपी गुरदेव (मूल निवासी गांव कोयल, जींद; हाल किराएदार शुगर मिल कॉलोनी, कैथल) को पकड़ा। आरोपी के पास से 315 बोर का देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
इसी क्रम में तीसरे मामले में सीआईए-1 की टीम ने कैथल-करनाल रोड स्थित हांसी-बुटाना नहर पुल के पास से गांव नीमवाला निवासी सुशील उर्फ रौन्नी को काबू किया। आरोपी के कब्जे से भी 315 बोर का अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुआ है।
कलायत, सेक्टर-18 पार्क और जम्मू-कटरा पुल के नीचे से भी हुई गिरफ्तारियां
चौथा मामला सीआईए कलायत की कार्रवाई से जुड़ा है। टीम ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए कलायत क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार आरोपी रेलु (निवासी गांव खरक पांडवा) को रोका। चेकिंग के दौरान उसके पास से 315 बोर का देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ।
पांचवीं सफलता एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ के प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की टीम को मिली। टीम ने सेक्टर-18 स्थित पार्क में छापेमारी कर सुभाष नगर, कैथल निवासी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 315 बोर का अवैध कट्टा मिला।
वहीं, छठे मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार के मार्गदर्शन में हेड कांस्टेबल अनिल कुमार की टीम ने गांव कलायत से बालू की तरफ जाने वाली सड़क पर जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पुल के नीचे दबिश दी। वहां से आरोपी गुरमीत (निवासी गांव बालू; हाल राजनगर कॉलोनी, कैथल) को 315 बोर के पिस्तौल और एक जिंदा रौंद के साथ पकड़ा गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी 6 आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह अवैध हथियार कहां से और किस मकसद के लिए लाए थे।
यह भी पढ़ें– हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र आज से, HKRN भर्ती पर घमासान के आसार, पेश होंगे 13 विधेयक
