Narnaul Wakf Board: नारनौल में वक्फ बोर्ड का बड़ा एक्शन, 4 साल से अटका था किराया, कोर्ट के आदेश पर खाली कराया मकान

नारनौल में वक्फ बोर्ड का बड़ा एक्शन, 4 साल से अटका था किराया, कोर्ट के आदेश पर खाली कराया मकान
Narnaul Wakf Board: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला स्थित नारनौल शहर में सोमवार को वक्फ बोर्ड की संपत्ति को लेकर बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला। शहर के छोटा-बड़ा तालाब क्षेत्र स्थित ईश्वर कॉलोनी (चहल फार्म के पास) में वक्फ बोर्ड की जमीन पर बने एक मकान को अदालत के आदेश के बाद खाली करा लिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
4 साल से अटका था किराया, थमाए गए थे कई नोटिस
हरियाणा वक्फ बोर्ड के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस संपत्ति पर अमृतपाल सिंह नाम के व्यक्ति का कब्जा था। अमृतपाल सिंह पिछले लगभग चार वर्षों से मकान का निर्धारित किराया बोर्ड के पास जमा नहीं करा रहे थे।
किराया बकाया होने पर वक्फ बोर्ड की ओर से उन्हें कई बार नोटिस जारी कर नियमानुसार राशि जमा कराने को कहा गया। जब बार-बार हिदायत देने के बाद भी किराया नहीं चुकाया गया, तो मामला अदालत की चौखट तक पहुंच गया। मामले की पूरी सुनवाई के बाद कोर्ट ने वक्फ बोर्ड के पक्ष में फैसला सुनाते हुए मकान को तुरंत खाली कराने का आदेश जारी कर दिया।
पुलिस और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चला चाबुक
अदालत के फैसले की तामील कराने के लिए सोमवार को हरियाणा वक्फ बोर्ड की टीम प्रशासनिक अमले और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान कोर्ट द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट महावीर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
उनकी मौजूदगी में पुलिस की निगरानी के बीच मकान का सामान बाहर निकलवाया गया और परिसर को पूरी तरह खाली कराकर वक्फ बोर्ड ने अपना ताला जड़ दिया। पूरे अभियान के दौरान माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण बना रहा।
बकायेदारों और अवैध कब्जाधारियों पर जारी रहेगा एक्शन
कार्रवाई के बाद हरियाणा वक्फ बोर्ड के संपदा अधिकारी तसव्वुर आजाद ने स्पष्ट किया कि यह कदम पूरी तरह से अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए उठाया गया है। मौके पर मौजूद नारनौल के रेंट कलेक्टर जमील अहमद ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
वक्फ बोर्ड के अधिकारियों ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि बोर्ड की संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों और लंबे समय से किराया दबाकर बैठे बकायेदारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने सभी किरायेदारों से अपील की है कि वे विवाद से बचने के लिए समय पर अपना किराया जमा कराएं और बोर्ड के नियमों का पालन करें।
