September 15, 2026

Panipat Crime: पानीपत में 10 पिस्तौल और 26 कारतूसों के साथ यूपी का तस्कर गिरफ्तार

0
Panipat Crime: पानीपत में 10 पिस्तौल और 26 कारतूसों के साथ यूपी का तस्कर गिरफ्तार

पानीपत में 10 पिस्तौल और 26 कारतूसों के साथ यूपी का तस्कर गिरफ्तार

Panipat Crime: हरियाणा के पानीपत जिले में अवैध असलों की तस्करी और उनके गिरोह पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पानीपत सीआईए-1 (CIA-1) और थाना बापौली पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर हरियाणा में सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से 10 अवैध देसी पिस्तौल और 26 जिंदा कारतूसों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है।

पानीपत की पुलिस अधीक्षक (SP) मेधा भूषण ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बड़ी सफलता की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों की खेप पहुंचने और किसी आपराधिक वारदात में इस्तेमाल होने से पहले ही पुलिस की सतर्कता से तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हरिद्वार बाइपास पर नाकाबंदी कर दबोचा: बैग की तलाशी लेते ही उड़ गए होश

पुलिस के अनुसार, सीआईए-1 और बापौली पुलिस की टीम हरिद्वार बाइपास रोड स्थित गांव रसलापुर मोड़ के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश के शामली का रहने वाला आरिफ बड़े पैमाने पर अवैध असलों की खरीद-फरोख्त करता है और इस समय हथियारों की एक बड़ी खेप के साथ रसलापुर ड्रेन (नाले) के पुल के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध अवस्था में पिट्ठू बैग लेकर खड़े युवक को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान आरिफ, निवासी गांव जलालाबाद (जिला शामली, उत्तर प्रदेश) के रूप में दी। जब पुलिस ने मौके पर ही उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से बिना किसी लाइसेंस व परमिट के रखे गए अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ, जिसे देख पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए।

315 और 12 बोर के हथियारों का जखीरा: पुलिस ने सील किया माल

आरोपी के पास से बरामद असलों का ब्योरा देते हुए पुलिस ने बताया कि उसके बैग से 12 बोर की 3 देसी पिस्तौल और 315 बोर की 7 देसी पिस्तौल यानी कुल 10 असला बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 12 बोर के 22 जिंदा कारतूस (जिन पर AGNI 12 शॉट अंकित है) और 315 बोर के 4 जिंदा कारतूस (जिस पर 8 MM KF अंकित है) समेत कुल 26 कारतूस मिले हैं।

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए सभी 10 पिस्तौल और कारतूसों की विधिवत नाप-जोख की और उनका स्केच तैयार किया। बरामद हथियारों को सील कर प्लास्टिक जार व कपड़ों के पुलिंदों में ‘SK/1’ मोहर लगाकर मालखाने में जमा कराया गया है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह ये असलहे यूपी में कहां से लाया था और पानीपत में किसे सप्लाई करने जा रहा था।

यह भी पढ़ें– Karnal youth suicide: कैलिफोर्निया में करनाल के युवक ने युवती की गोली मारकर की हत्या, फिर खुद को उड़ाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed