September 16, 2026

PU हॉस्टल के बाहर छात्रों में झड़प: लात-घूंसे चले, पुलिस पहुंची तो भागे; शिकायत नहीं मिली तो छोड़ा

0
PU हॉस्टल के बाहर छात्रों में झड़प: लात-घूंसे चले, पुलिस पहुंची तो भागे; शिकायत नहीं मिली तो छोड़ा

PU हॉस्टल के बाहर छात्रों में झड़प

Punjab University fight: चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में सोमवार देर रात हॉस्टल नंबर-2 के बाहर दो छात्र गुट आमने-सामने आ गए। रात करीब 1 बजे किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और छात्रों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष अपने-अपने साथियों के साथ वहां मौजूद थे। इसके बाद काफी देर तक दोनों गुट एक-दूसरे से भिड़ते रहे। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कुछ छात्र वहां से भागने लगे। सामने आए वीडियो में PCR वाहन के पीछे कुछ छात्रों को भागते और पुलिसकर्मियों को उनका पीछा करते देखा जा सकता है। पुलिस ने कुछ छात्रों को पकड़ लिया। वीडियो में एक पुलिसकर्मी एक छात्र को पकड़कर अपने साथ ले जाता भी दिखाई दे रहा है।

 

 

पुलिस और सिक्योरिटी के सामने भी भिड़ते रहे छात्र

घटना के दौरान यूनिवर्सिटी की सिक्योरिटी और पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती रही। वीडियो में छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर मौजूद छात्रों को अलग किया और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर स्थिति संभाली। पूरी घटना करीब दो घंटे तक चलने की बात सामने आई है।

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक छात्र ने बनाया। बाद में इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। वीडियो में छात्रों के बीच मारपीट, कुछ छात्रों के भागने और पुलिस द्वारा उन्हें पकड़कर ले जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का गाना ‘एक खटोला जेल के अंदर, एक खटोला जेल के बाहर’ लगाया गया है। यह गाना वीडियो के बैकग्राउंड में सुनाई देता है।

 

 

PU में पुलिस चौकी और सिक्योरिटी के बावजूद हंगामा

पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में पुलिस चौकी के साथ यूनिवर्सिटी की सिक्योरिटी भी तैनात रहती है। इसके बावजूद हॉस्टल के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जुटे और विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना के सामने आए वीडियो के बाद कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, घटना के दौरान सुरक्षा कर्मियों और पुलिस की ओर से छात्रों को अलग करने की कार्रवाई की गई थी।

डीएसपी एसपीएस सोंधी के अनुसार, सोमवार रात पंजाब यूनिवर्सिटी से पुलिस कंट्रोल रूम को मारपीट की कॉल मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ छात्रों को हिरासत में लिया गया। डीएसपी ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई। शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई नहीं की और हिरासत में लिए गए छात्रों को छोड़ दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed