August 3, 2026

HSGMC Jagdish Singh Jhinda: शाहाबाद मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट के स्टाफ पर आर्थिक संकट, झिंडा ने एसजीपीसी से मांगी मदद

0
HSGMC Jagdish Singh Jhinda: शाहाबाद मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट के स्टाफ पर आर्थिक संकट, झिंडा ने एसजीपीसी से मांगी मदद

HSGMC Jagdish Singh Jhinda: शाहाबाद मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट के स्टाफ पर आर्थिक संकट, झिंडा ने एसजीपीसी से मांगी मदद

HSGMC Jagdish Singh Jhinda: कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक गुरुद्वारा छठी पातशाही में धन-धन साहिब श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज के पावन प्रकाश उत्सव समागम का भव्य आगाज हो गया है। इस धार्मिक समागम के शुभारंभ पर पहुंचे हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के नवनियुक्त प्रधान जगदीश सिंह झिंडा ने एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दे पर अपनी बात रखी।

झिंडा ने बताया कि शाहाबाद स्थित मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च सेंटर में कुछ प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनों के कारण वहां तैनात डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बड़े भाई की भूमिका निभाते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) अमृतसर से गुहार लगाई है कि जब तक ये अंदरूनी अड़चनें दूर नहीं हो जातीं, तब तक मानवीय आधार पर वे डॉक्टरों और स्टाफ की सैलरी का भुगतान अपनी तरफ से जारी रखें।

कानूनी लड़ाई जीतने के बाद एचएसजीएमसी के कंधों पर आई जिम्मेदारी

गौरतलब है कि शाहाबाद के इस मीरी-पीरी मेडिकल संस्थान के मालिकाना हक और प्रबंधन को लेकर लंबे समय से अदालत में कानूनी खींचतान चल रही थी। करीब एक महीने पहले ही पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस विवाद पर एक बड़ा फैसला सुनाया था। अदालत ने मीरी पीरी चैरिटेबल ट्रस्ट की याचिका को सिरे से खारिज करते हुए इस पूरे संस्थान की कमान कानूनी तौर पर हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के हाथों में सौंप दी थी।

]हाईकोर्ट के इस ऐतिहासिक फैसले के बाद से संस्थान के सुचारू संचालन की पूरी जिम्मेदारी अब एचएसजीएमसी के पास है। प्रधान जगदीश सिंह झिंडा ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही मौजूदा कागजी और वित्तीय अड़चनें दूर होंगी, हरियाणा कमेटी खुद अपने स्तर पर सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों के वेतन का नियमित भुगतान शुरू कर देगी।

कुरुक्षेत्र में बहेगी अध्यात्म की बयार, 30 जून तक चलेगा अखंड पाठ

वहीं, गुरुद्वारा छठी पातशाही में प्रकाश उत्सव को लेकर सिख संगत में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। समागम की शुरुआत के साथ ही श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के श्री अखंड पाठ साहिब की पहली लड़ी का पाठ आरंभ कर दिया गया है, जो आगामी 30 जून तक अनवरत रूप से जारी रहेगा। इस मौके पर कुरुक्षेत्र और आसपास के जिलों से भारी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर नतमस्तक हो रहे हैं और गुरु साहिब का आशीर्वाद ले रहे हैं।

तैयारियों में जुटा प्रशासन: नगर कीर्तन और दस्तार बंदी का विशेष आयोजन

जगदीश सिंह झिंडा ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि प्रकाश उत्सव को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, 29 जून को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में एक बेहद भव्य और अलौकिक नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसके अगले दिन यानी 30 जून को मुख्य धार्मिक और सामाजिक दीवान सजाए जाएंगे।

गर्मी के मौसम को देखते हुए संगत के लिए जगह-जगह मीठे पानी की छबीलें लगाई जा रही हैं और युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए ‘दस्तार सजाओ’ (पगड़ी प्रतियोगिता) जैसी विशेष सेवा भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा, दूर-दराज से अखंड पाठ साहिब की हाजिरी भरने आ रहे लगभग 500 श्रद्धालुओं के ठहरने और चौबीसों घंटे लंगर की पुख्ता व्यवस्था स्थानीय कमेटी द्वारा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed