असहाय मां ने पुलिस को किया कॉल, मौत के मुंह से बेटे को निकाल लाई पुलिस

Narnaul Police News:
जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा आपातकालीन घटनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। जिले में तैनात डायल-112 की आपात रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) टीमें हर समय अलर्ट मोड पर रहते हुए किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई कर जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए तत्पर रहती हैं।
ऐसा ही एक मामला 29 अगस्त को महेंद्रगढ़ शहर क्षेत्र में सामने आया, जब एक मां ने डायल-112 पर कॉल कर सूचना दी कि उसका बेटा आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा है। मां ने तत्काल पुलिस से सहायता की गुहार लगाई।
सूचना प्राप्त होते ही आपात रिस्पॉन्स व्हीकल पर तैनात पुलिस टीम तत्काल कुम्हारों का मोहल्ला, दुलाना रोड, महेंद्रगढ़ स्थित घटनास्थल के लिए रवाना हुई और करीब 7 से 8 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने पाया कि युवक ने फांसी लगा ली है। डायल-112 टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल युवक को फांसी के फंदे से उतार आपात रिस्पॉन्स व्हीकल से सरकारी अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया। पुलिस टीम ने करीब 8 से 10 मिनट के भीतर युवक को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती करवाया, जहां उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करवाई गई।
युवक की पहचान अनूप (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह पारिवारिक विवाद के चलते परेशान था। मां की सजगता और समय पर डायल-112 पर सूचना दिए जाने के साथ-साथ पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण युवक को समय रहते सहायता और उपचार उपलब्ध करवाया गया। वर्तमान में युवक की स्थिति ठीक बताई जा रही है।
इस दौरान आपात रिस्पॉन्स वाहन पर तैनात ईएसआई युद्धवीर सिंह, सिपाही निकास तथा एसपीओ राजकुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवक के परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
जिला पुलिस महेंद्रगढ़ आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की गंभीर आपातकालीन स्थिति की सूचना बिना देरी किए तुरंत डायल-112 पर दें, ताकि पुलिस एवं आपातकालीन सेवाएं समय रहते आवश्यक सहायता पहुंचा सकें। डायल-112 पुलिस सेवा हर समय आमजन की सहायता और सुरक्षा के लिए तत्पर है।
