Rajasthan News: अजमेर पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर के दो ट्रेलर से भिड़ने से हादसा, दोनों ट्रेलर ड्राइवर केबिन में फंसे, एक की मौत
Jun 08, 2026 5:31 PM
अजमेर: राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। होकरा गांव की पुलिया पर इंडियन ऑयल के पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर और दो ट्रेलरों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलरों के चालक अपने केबिन में फंस गए। हादसे में एक ट्रेलर चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।
हादसे के बाद टैंकर से हुआ डीजल रिसाव
अजमेर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल चंद कायल के अनुसार, जयपुर से पुष्कर की ओर जा रहा इंडियन ऑयल का टैंकर और पुष्कर से जयपुर की तरफ आ रहे दो ट्रेलर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के बाद टैंकर से डीजल का रिसाव शुरू हो गया, जिससे क्षेत्र में खतरे की स्थिति पैदा हो गई। टैंकर चालक हाथी सिंह किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित दूरी पर पहुंच गए। वहीं दोनों ट्रेलर चालक केबिन में फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
जेसीबी की मदद से निकाले गए चालक
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। एक ट्रेलर चालक को लोगों ने मिलकर बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे चालक को जेसीबी मशीन की मदद से केबिन काटकर बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान चूना लेकर जा रहे ट्रेलर के चालक दिलशाद की मौत हो गई। वहीं जोधपुर जिले के बोरूंदा निवासी अब्दुल जफार और टैंकर चालक हाथी सिंह का उपचार जारी है।
500 मीटर क्षेत्र खाली कराया गया
डीजल रिसाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। पुलिया पर यातायात तत्काल रोक दिया गया और आसपास के करीब 500 मीटर क्षेत्र को खाली कराया गया। दमकल विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने संभावित आग या विस्फोट की आशंका को देखते हुए टैंकर पर लगातार पानी का छिड़काव किया। पुलिस और प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त टैंकर में लगभग 5 हजार लीटर पेट्रोल और 15 हजार लीटर डीजल भरा हुआ था। यह टैंकर जयपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो से पुष्कर के श्रीमाधव गोपाल गुर्जर फिलिंग स्टेशन की ओर जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य करने के लिए कार्रवाई जारी है।