Search

Punjab News: अमृतसर रंधावा सुसाइड केस में बड़ा एक्शन, पूर्व मंत्री भुल्लर गिरफ्तार, शाह ने CBI जांच कराने का आश्वासन दिया था

Mar 23, 2026 5:02 PM

अमृतसर: पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस में बड़ा एक्शन लेते हुए पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अमृतसर पुलिस के अनुसार, उन्हें फतेहगढ़ साहिब पुलिस की मदद से मंडी गोविंदगढ़ से पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि भुल्लर को अमृतसर लाया जा रहा है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। हालांकि, भुल्लर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर दावा किया है कि उन्होंने खुद सरेंडर किया है।

गिरफ्तारी या सरेंडर पर विवाद

अमृतसर के डीसीपी रविंदर पाल ने साफ कहा कि भुल्लर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई कानून के तहत की गई और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी ओर, भुल्लर का कहना है कि उन्होंने खुद पुलिस के सामने सरेंडर किया है। इस विरोधाभासी दावे ने मामले को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है।

पोस्टमॉर्टम और जांच पर अड़ा परिवार

गगनदीप रंधावा का अभी तक पोस्टमॉर्टम नहीं किया गया है और उनका शव अमृतसर के अस्पताल में रखा हुआ है। परिवार ने स्पष्ट कहा है कि जब तक सीबीआई जांच शुरू नहीं होती और आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक वे पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे। परिजन PGI के विशेषज्ञ बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने रंधावा का मोबाइल फोन भी मांगा, लेकिन परिवार ने इसे देने से इनकार कर दिया।

CBI जांच की मांग तेज

मामला अब राजनीतिक स्तर पर भी पहुंच गया है। कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाया। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जांच CBI को सौंपने का आश्वासन दिया। इस बयान के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस केस की जांच केंद्रीय एजेंसी को दी जा सकती है।

सुसाइड का वीडियो आया सामने

रंधावा के सुसाइड से जुड़ा एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें वह 21 मार्च की सुबह अपने घर के आंगन में टहलते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद वह रुकते हैं और सल्फास की गोलियां खा लेते हैं। इसके बाद उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए मंत्री भुल्लर को जिम्मेदार ठहराया।

पत्नी का अल्टीमेटम

रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने कहा था कि जब तक भुल्लर और उनके पिता की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने बच्चों के साथ सड़क पर धरना देंगी।

इस्तीफे पर बना सस्पेंस

इस मामले के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंत्री लालजीत भुल्लर से इस्तीफा ले लिया था। हालांकि, इस इस्तीफे को लेकर अब भी स्थिति साफ नहीं है। विपक्षी नेताओं ने दावा किया है कि इस्तीफा राज्यपाल तक देर से पहुंचा या अब तक आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुआ है।


पुलिस जांच जारी

पुलिस ने इस मामले में लालजीत भुल्लर, उनके पिता सुखदेव भुल्लर और उनके पीए दिलबाग के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं और आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!