Ayurvedic Immunity Drinks: बदलते मौसम में नहीं पड़ेंगे बीमार, इम्युनिटी बढ़ाएंगे ये आयुर्वेदिक ड्रिंक्स

बदलते मौसम में नहीं पड़ेंगे बीमार, इम्युनिटी बढ़ाएंगे ये आयुर्वेदिक ड्रिंक्स
Ayurvedic Immunity Drinks: मौसम में ठंडक या गर्माहट का बदलाव होते ही वायरल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर आंवला जूस शरीर के लिए सुरक्षा कवच का काम करता है। इसे पानी में मिलाकर सीमित मात्रा में पीना फायदेमंद होता है। हालांकि, जिन लोगों को एसिडिटी या पेट में जलन की शिकायत रहती है, उन्हें डॉक्टर की सलाह से ही इसका सेवन करना चाहिए। इसी तरह नीबू-आंवला ड्रिंक में हल्की मिठास के लिए चीनी की जगह सीमित मात्रा में शहद मिलाकर लेना एक सेहतमंद विकल्प है।
तुलसी-अदरक का ड्रिंक: गले की खराश में तुरंत राहत
बदलते मौसम में गले में खराश, कफ या जकड़न होना आम बात है। इससे बचाव के लिए तुलसी के पत्तों और कद्दूकस किए अदरक को पानी में अच्छी तरह उबालकर तैयार किया गया पेय बेहद फायदेमंद होता है। अदरक की गर्माहट गले को तुरंत आराम पहुंचाती है। इसे गुनगुना पीने से बंद नाक और गले की समस्याओं में आराम मिलता है। ध्यान रहे कि बहुत गर्म पानी में कभी भी शहद न मिलाएं, क्योंकि आयुर्वेद में इसे नुकसानदेह माना गया है।
गिलोय, गाजर और चुकंदर: सावधानी के साथ करें सेवन
आयुर्वेद में गिलोय को इम्युनिटी बूस्टर माना जाता है, लेकिन लिवर के मरीजों या नियमित दवाइयां ले रहे लोगों को बिना डॉक्टरी सलाह के इसका सेवन नहीं करना चाहिए। वहीं गाजर और चुकंदर का फ्रेश जूस शरीर को फोलेट, पोटैशियम और जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है। हालांकि, केवल जूस पर निर्भर रहने के बजाय साबुत फल और सब्जियों का सेवन ज्यादा फायदेमंद होता है क्योंकि उनमें फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है।
