भिवानी में सनसनी: घर के बाहर से युवती का अपहरण, पॉक्सो केस वापस लेने का था दबाव
May 14, 2026 2:11 PM
भिवानी। भिवानी जिले के एक गांव में दिनदहाड़े हुई अपहरण की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब साढ़े 18 साल की एक युवती, जो अपने घर के बाहर मौजूद थी, उसे दो युवक जबरन कार में डालकर रफूचक्कर हो गए। दोपहर करीब पौने दो बजे हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित पिता ने पुलिस को दी शिकायत में दो युवकों पर नामजद शक जताया है, जिनमें से एक चरखी दादरी का रहने वाला है और दूसरा उसी के गांव का निवासी बताया जा रहा है।
पुरानी रंजिश या केस खत्म करने की साजिश?
इस मामले का सबसे डरावना पहलू यह है कि पीड़ित युवती पहले भी दरिंदगी का शिकार हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, पहले भी उसका अपहरण कर दुष्कर्म किया गया था, जिसका मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। आरोप है कि दोनों आरोपी आपस में मिले हुए हैं और पिछले काफी समय से युवती को फोन पर धमकियां दे रहे थे। परिजनों का सीधा आरोप है कि पॉक्सो एक्ट (POCSO) के तहत चल रहे मुकदमे को खत्म करवाने और दबाव बनाने के लिए ही आरोपियों ने दोबारा अपहरण की इस साजिश को रचा है। फिलहाल युवती की जान को लेकर परिवार गहरे सदमे और डर में है।
पुलिसिया कार्रवाई: मोबाइल बंद, पिता से पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जुई कलां पुलिस थाना ने अपहरण की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी (SHO) ओमप्रकाश ने बताया कि जिस कार का इस्तेमाल वारदात में हुआ है, वह एक आरोपी के पिता की है। पुलिस ने आरोपी के पिता को थाने बुलाकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने कबूल किया कि उनका बेटा मना करने के बावजूद गाड़ी लेकर गया था। फिलहाल आरोपियों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं, जिन्हें ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
तलाश में जुटी टीमें, दांव पर पुलिस की साख
पुलिस का कहना है कि युवती और आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों की लोकेशन और उनके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। कोर्ट में चल रहे केस और पुरानी हिस्ट्री को देखते हुए पुलिस इसे 'हाई प्रोफाइल' और संवेदनशील मामला मानकर चल रही है। अब देखना यह है कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों के चंगुल से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल पाती है, क्योंकि समय बीतने के साथ ही परिजनों की चिंताएं और पुलिस पर दबाव बढ़ता जा रहा है।