Search

फेसबुक वाली मोहब्बत का खौफनाक अंत: इंस्पेक्टर की शादी रुकवाने पंजाब से हरियाणा पहुंची प्रेमिका

Apr 29, 2026 12:16 PM

भिवानी। फेसबुक पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कभी-कभी किस कदर भारी पड़ सकता है, इसका ताजा उदाहरण भिवानी के तोशाम में देखने को मिला है। पंजाब के मोहाली की रहने वाली एक युवती ने सीआरपीएफ में कार्यरत एक इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी शादी रुकवाने के लिए मोर्चा खोल दिया है। युवती का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने उसे शादी का सपना दिखाया, शारीरिक संबंध बनाए और जब शादी की बात आई तो वह मुकर गया। बुधवार को इंस्पेक्टर की दूसरी जगह शादी होने वाली थी, जिसे रुकवाने के लिए पीड़िता तोशाम थाने के चक्कर काट रही है।

2022 में फेसबुक से शुरू हुई थी कहानी

पीड़िता ने डीसी को भेजी अपनी शिकायत में बताया कि साल 2022 में उसकी पहचान फेसबुक के जरिए भिवानी निवासी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत फोन पर होने लगी। आरोप है कि दिसंबर 2022 में इंस्पेक्टर ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया और बार-बार होटलों में बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने बताया कि इंस्पेक्टर ने उसे इस कदर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था कि उसके कहने पर उसने पिछले साल फरवरी में अपने पति से तलाक तक ले लिया।

अश्लील वीडियो और 'मरने' की धमकी

युवती का आरोप है कि शारीरिक शोषण के दौरान इंस्पेक्टर ने उसकी कुछ अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए थे। जब भी वह मिलने से मना करती थी, तो आरोपी फोटो वायरल करने की धमकी देता था या 'मर जाऊंगा' कहकर उसे भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करता था। अब जब इंस्पेक्टर किसी और लड़की से शादी करने जा रहा है, तो युवती इंसाफ की गुहार लेकर तोशाम थाने पहुंची है।

पुलिस पर राजनीतिक दबाव का आरोप

इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि तोशाम पुलिस उसकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही है। उसने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों ने उसे यहाँ तक कह दिया कि मामले में किसी बड़े नेता का फोन आया है, इसलिए वे उसे इंस्पेक्टर के घर नहीं जाने दे सकते। हालांकि, हार मानकर बैठने के बजाय युवती ने अब जिला उपायुक्त (DC) को ईमेल के जरिए लिखित शिकायत भेजकर गुहार लगाई है।

पुलिस का पक्ष: मामला हमारे क्षेत्र का नहीं

उधर, तोशाम के थाना प्रभारी महाबीर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि मामला पंजाब के जीरकपुर थाने के अधिकार क्षेत्र का है, जहाँ युवती ने पहले भी शिकायत दी हुई है। पुलिस के अनुसार, क्योंकि घटनाक्रम और शुरुआती शिकायत पंजाब की है, इसलिए कानूनी कार्रवाई वहीं की पुलिस करेगी। फिलहाल, तोशाम में पुलिस इस मामले में हाथ डालने से बचती नजर आ रही है, जबकि युवती इंस्पेक्टर की बारात रुकवाने पर अड़ी हुई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!