HBSE Date Sheet: हरियाणा बोर्ड 10वीं-12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा की तारीखें घोषित, यहां देखें पूरा शेड्यूल
Jun 17, 2026 12:00 PM
भिवानी। हरियाणा बोर्ड के परीक्षा परिणामों के बाद अब उन छात्रों के लिए जरूरी खबर है जो कंपार्टमेंट या अतिरिक्त विषय की परीक्षा में बैठने जा रहे हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव मुनीश शर्मा ने परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड के मुताबिक, 12वीं (नियमित/शैक्षिक) की कंपार्टमेंट और एडिशनल सब्जेक्ट की परीक्षा महज एक ही दिन यानी 9 जुलाई को आयोजित कर ली जाएगी। वहीं, 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए कंपार्टमेंट और अतिरिक्त विषय की परीक्षाओं का आयोजन 10 जुलाई से शुरू होकर 18 जुलाई तक चलेगा।
दोपहर के सत्र में होंगी परीक्षाएं, गाइडलाइंस जारी
बोर्ड सचिव ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा देने वाले सभी छात्रों को समय का खास ख्याल रखना होगा। 10वीं और 12वीं, दोनों ही श्रेणियों की परीक्षाओं का समय दोपहर 2:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए बोर्ड प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़े नियमों को अच्छी तरह पढ़ लें, ताकि ऐन वक्त पर किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
हरियाणा ओपन स्कूल के आवेदन 23 जून से शुरू
रेगुलर परीक्षाओं के अलावा, बोर्ड ने हरियाणा मुक्त विद्यालय (हरियाणा ओपन स्कूल) के छात्रों को भी बड़ी राहत दी है। सितंबर-अक्टूबर के महीने में होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए आवेदन की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। इसके तहत सीटीपी (CTP), ओसीटीपी (OCTP), री-अपीयर, अतिरिक्त विषय, आंशिक और पूर्ण अंक सुधार (इंप्रूवमेंट) श्रेणी के छात्र आगामी 23 जून से बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन मोड में अप्लाई कर सकेंगे। मुनीश शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देश बोर्ड की वेबसाइट पर लाइव कर दिए गए हैं।