Search

मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लगने से तीन मरीजों की मौत

Jun 04, 2026 10:10 AM

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक निजी अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में बृहस्पतिवार तड़के भीषण आग लगने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ जिला अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल में हुई। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘हमें तड़के अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली। इस घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है।’’ उन्होंने बताया कि आईसीयू में लगभग 13 से 15 मरीजों का इलाज चल रहा था, जिन्हें उनके परिजन अन्य अस्पतालों में ले गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘हम मरीजों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। आग पर काबू पा लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’ अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। आग तेजी से फैल गई, जिससे आईसीयू धुएं से भर गया और मरीजों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई। इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना को ‘‘अत्यंत दुखद’’ बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। 

स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और घायलों के उपचार के लिए जिला अस्पतालों में समुचित व्यवस्था की गई है।’’ अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद बचाव एवं राहत अभियान शुरू कर दिया गया। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि वह प्रशासन के साथ पूरा सहयोग कर रहा है तथा घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ मरीजों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

You may also like:

Please Login to comment in the post!