‘भूत बंगला’ फिर से तब्बू के साथ काम करने के लिए सही फिल्म: अक्षय कुमार
Apr 07, 2026 12:54 PM
मुंबई: अभिनेता अक्षय कुमार का कहना है कि उनकी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ उनके और अभिनेत्री तब्बू के 25 वर्षों बाद फिर से एक साथ काम करने के लिए सही फिल्म है। अक्षय कुमार और तब्बू ने आखिरी बार निर्देशक प्रियदर्शन की साल 2000 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म ‘हेरा फेरी’ में साथ काम किया था। फिल्म का ट्रेलर जारी होने के दौरान अक्षय कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “यह फिल्म हम दोनों के लिए सही थी। अब तक हमें साथ काम करने का मौका नहीं मिला क्योंकि वह अपने काम में व्यस्त थीं, मैं अपने काम में व्यस्त था और प्रियन सर भी व्यस्त थे। अब मौका मिला है।” सोमवार को मुंबई में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों कलाकारों के साथ निर्देशक प्रियदर्शन, सह-कलाकार परेश रावल और निर्माता एकता कपूर भी मौजूद थे।
अक्षय कुमार ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि वह और तब्बू पिछले लगभग 39 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। उन्होंने कहा, “वह मेरी बहुत अच्छी और पुरानी मित्र हैं। मैं फिल्म उद्योग में करीब 35 वर्षों से हूं, लेकिन मैं तब्बू को 38-39 वर्षों से जानता हूं। हम दोनों साथ में डांस अकादमी जाया करते थे।” इस पर तब्बू ने कहा, “हां, ये मुझे बाइक पर लेने आते थे।” ‘भूत बंगला’ एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें एक अजीब लेकिन निडर व्यक्ति की कहानी दिखाई गई है, जो एक शांत शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक रहस्यमयी हवेली में रहता है और परेशानियों में उलझ जाता है। यह फिल्म अक्षय कुमार और प्रियदर्शन को भी 14 वर्षों बाद फिर से साथ ला रही है। अक्षय ने कहा कि प्रियदर्शन के साथ काम करना घर वापसी जैसा महसूस हुआ।
उन्होंने कहा, “प्रियन सर के साथ काम करना हमेशा अच्छा लगता है। उनकी फिल्में साफ-सुथरी और पारिवारिक होती हैं। लंबे समय बाद तब्बू जी और परेश जी के साथ काम करके भी बहुत खुशी हुई।” उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से परिस्थितियों से उत्पन्न कॉमेडी करना चाहते थे और प्रियदर्शन ऐसे निर्देशकों में शामिल हैं, जो इस तरह की फिल्में बनाने में माहिर हैं। अक्षय ने कहा, “उनकी किसी भी फिल्म में आपको तर्कहीन चीजें नहीं मिलेंगी। इस फिल्म में फैंटेसी जरूर है, लेकिन दर्शकों को इसे देखने में मजा आएगा।” वह और प्रियदर्शन ‘हैवान’ और ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के तीसरे भाग पर भी साथ काम कर रहे हैं।
निर्माता एकता कपूर ने कहा कि वह लंबे समय से अक्षय कुमार के साथ काम करना चाहती थीं और उन्होंने एक पुराना किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा, “जब हमारी पहली फिल्म ‘वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा’ सफल नहीं हुई, तो अक्षय सर ने मुझे बुलाकर एक चेक दिया और कहा कि आपको नुकसान हुआ है। मेरे 31 साल के करियर में ऐसा किसी ने नहीं किया।” उन्होंने कहा कि बाद में उन्होंने अक्षय कुमार से उनके साथ फिल्म करने का अनुरोध किया और इसी तरह ‘भूत बंगला’ बनी। इस हॉरर-कॉमेडी में वामिका गब्बी, राजपाल यादव, मिथिला पालकर और राजेश शर्मा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।