Entertainment News: 'इक्कीस' को मिली प्रतिक्रिया से हैरान हैं, उम्मीद है ओटीटी पर और लोग देखेंगे: श्रीराम राघवन
Feb 27, 2026 4:52 PM
मुंबई: फिल्म निर्माता श्रीराम राघवन ने कहा है कि उनकी युद्ध पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म इक्कीस को मिली शुरुआती प्रतिक्रिया से वह हैरान रह गए। 1 जनवरी को रिलीज हुई यह फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायक लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। कहानी को सकारात्मक समीक्षाएं मिलीं, लेकिन सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं रही।
ओटीटी से नई उम्मीद
राघवन ने स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन (एसडब्ल्यूए) के एक कार्यक्रम में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ओटीटी पर रिलीज के बाद फिल्म ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। ‘इक्कीस’ बृहस्पतिवार को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Amazon Prime Video पर रिलीज हो चुकी है।
उनका मानना है कि कई बार थिएटर में छूट जाने वाली फिल्में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नया दर्शक वर्ग तलाश लेती हैं। युद्ध और जीवनी पर आधारित फिल्मों के लिए ओटीटी एक बड़ा माध्यम बन चुका है।
लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की कहानी
फिल्म में अमिताभी बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा ने 21 वर्ष की आयु में शहीद हुए अरुण खेत्रपाल की भूमिका निभाई है। खेत्रपाल 1971 के युद्ध में बसंतर की लड़ाई के दौरान शहीद हुए थे और उन्हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
फिल्म में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र, जयदीप अहलावत और अन्य कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। देशभक्ति और बलिदान की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म युवा दर्शकों को एक सच्ची सैन्य गाथा से परिचित कराती है।
थ्रिलर से युद्ध फिल्म तक का सफर
श्रीराम राघवन को हिंदी सिनेमा में थ्रिलर फिल्मों के लिए जाना जाता है। उन्होंने जॉनी 'गद्दार', 'एक हसीना थी' और 'अंधाधुन' जैसी चर्चित फिल्में बनाई हैं। ‘इक्कीस’ उनकी पहली पूर्ण युद्ध पृष्ठभूमि वाली फिल्म है। ऐसे में दर्शकों और समीक्षकों की नजर इस बदलाव पर भी रही। अब ओटीटी पर इसकी पहुंच और प्रतिक्रिया पर सबकी नजर है।