Search

Punjab News: अमृतसर में अकाल तख्त का बड़ा फैसला, भगवंत मान को वायरल वीडियो मामले में ‘गुरु द्रोही’ और ‘पंथ विरोधी’ करार

Jun 15, 2026 5:19 PM

चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति और सिख धार्मिक संस्थाओं के बीच चल रहे विवाद में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। अमृतसर स्थित श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को "गुरु द्रोही" और "खालसा पंथ विरोधी" करार देने की घोषणा की। यह फैसला उस वायरल वीडियो से जुड़ी फोरेंसिक जांच रिपोर्टों के आधार पर लिया गया, जिसे लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा था। अकाल तख्त के अनुसार दो फोरेंसिक एजेंसियों की रिपोर्ट में वीडियो को वास्तविक बताया गया है।

अकाल तख्त में संबोधन के दौरान जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि वीडियो की जांच के लिए दो मान्यता प्राप्त फोरेंसिक एजेंसियों की सेवाएं ली गई थीं। उनके अनुसार दोनों रिपोर्टों में वीडियो के साथ किसी प्रकार की एडिटिंग, छेड़छाड़ या AI जनरेशन के संकेत नहीं मिले। जत्थेदार ने कहा कि रिपोर्टों पर विचार-विमर्श के बाद पांच सिंह साहिबानों की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई और सामूहिक राय के आधार पर यह निर्णय लिया गया।

क्या है विवादित वीडियो का मामला

यह विवाद अक्टूबर 2025 में सामने आया था, जब एक एनआरआई द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया गया था। वीडियो में कथित तौर पर एक व्यक्ति को हाथ में गिलास लिए सिख धार्मिक चित्रों के सामने खड़ा दिखाया गया था। शिरोमणि अकाली दल और अन्य सिख संगठनों ने उस समय इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए जांच की मांग की थी। इसके बाद मामला श्री अकाल तख्त तक पहुंचा और मुख्यमंत्री से भी स्पष्टीकरण मांगा गया था।

जनवरी 2026 में श्री अकाल तख्त के समक्ष पेश होने के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस वीडियो को फर्जी और AI जनरेटेड बताया था। उन्होंने कहा था कि उनकी छवि खराब करने के लिए वीडियो प्रसारित किया गया है। उस समय उन्होंने स्वयं वीडियो की फोरेंसिक जांच कराने की बात कही थी और कहा था कि उन्हें किसी भी जांच से परहेज नहीं है।

AAP ने उठाए पहचान को लेकर सवाल

अकाल तख्त के ताजा फैसले के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई। पार्टी प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने कहा कि यदि किसी रिपोर्ट में वीडियो को वास्तविक बताया गया है, तब भी यह अलग सवाल है कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति कौन है।  उन्होंने कहा कि वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान, दोनों अलग-अलग विषय हैं। पार्टी का कहना है कि केवल वीडियो के वास्तविक होने से यह साबित नहीं होता कि उसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान ही दिखाई दे रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पंजाब की राजनीति में बहस और तेज हो गई है। विपक्षी दल इस मामले को मुख्यमंत्री की छवि से जोड़ रहे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक रंग दिए जाने का आरोप लगा रही है। अमृतसर में हुई इस घोषणा के बाद अब राजनीतिक और धार्मिक दोनों स्तरों पर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। मामले को लेकर आने वाले दिनों में और बयानबाजी तथा राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!