Search

चंडीगढ़ पुलिस का ऑपरेशन क्लीन, पीओ समेत 13 फरार आरोपी गिरफ्तार

Jun 13, 2026 10:45 AM

चंडीगढ़: फरार अपराधियों और अदालत से भगोड़े घोषित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 4 जून से 10 जून के बीच एसएसपी यूटी चंडीगढ़ के निर्देशों पर की गई। अभियान डीएसपी डीसीसी पी. अभिनंदन की निगरानी और इंस्पेक्टर हरभजन सिंह, प्रभारी पीओ एवं समन स्टाफ के नेतृत्व में चलाया गया। 

पुलिस के अनुसार, इन गिरफ्तारियों से लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में स्टेट केसों के छह पीओ आरोपी, एनआई एक्ट मामलों के दो आरोपी, तीन नॉन-बेलेबल वारंट, एक री-अरेस्ट वारंट और एक प्रोक्लेमेशन वारंट शामिल हैं। सभी आरोपियों को संबंधित अदालतों में पेश किया गया। स्टेट केसों में गिरफ्तार आरोपियों में डड्डूमाजरा निवासी सागर, डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी विशाल उर्फ कक्कड़ी, सेक्टर-8 निवासी विनोद कुमार, सेक्टर-49 निवासी सुमित, धनास निवासी पिंटू उर्फ पंटू और सेक्टर-25 निवासी गौरव उर्फ भारत शामिल हैं। अदालत में पेशी के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

एनआई एक्ट के मामलों में ग्रेटर नोएडा निवासी दिलीप पंडिता और सेक्टर-20सी निवासी सोमपाल को गिरफ्तार किया गया। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।

इसके अलावा नॉन-बेलेबल वारंट के तहत सागर, परवीन सिंह और पिंटू उर्फ पंटू को गिरफ्तार किया गया। इनमें सागर और पिंटू को न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि परवीन सिंह को निजी मुचलके पर रिहा किया गया। प्रोक्लेमेशन वारंट के तहत गिरफ्तार गौरव उर्फ भारत को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं री-अरेस्ट वारंट के तहत सेक्टर-43ए निवासी मंजीत कुमार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार माह की सजा भुगतने के लिए बुड़ैल जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!