Search

हार्दिक पंड्या पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना, गिल्ली गिराने पर एक डिमेरिट अंक मिला

May 21, 2026 12:58 PM

कोलकाता: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान क्रिकेट के सामान का गलत इस्तेमाल करने के लिए उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और एक डिमेरिट अंक दिया गया है। बुधवार को हुए इस मैच के दौरान पंड्या ने निराशा में विकेट की गिल्लियां गिरा दी थीं। उन्हें आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करते हुए पाया गया। ईडन गार्डन्स में हुए इस मैच में मुंबई इंडियंस चार विकेट से हार गई थी। पंड्या ने ‘अपने रन-अप पर वापस जाते समय विकेट की गिल्लियां जोर से गिरा दी थीं।’

आईपीएल ने एक बयान में कहा, ‘‘हार्दिक पंड्या को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया जो ‘मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के सामान और फिटिंग्स का गलत इस्तेमाल’ करने से संबंधित है। ’’ इसमें कहा गया, ‘‘यह घटना मैच की दूसरी पारी के 10वें ओवर की चौथी गेंद पर हुई, जब हार्दिक पंड्या ने अपने रन-अप पर वापस जाते समय विकेट की गिल्लियां गिरा दी थीं। ’’ आईपीएल में चार से सात डिमेरिट अंक जमा होने पर एक मैच का निलंबन लगता है। पंड्या ने उल्लघंन और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा लगाई गई सजा को स्वीकार कर लिया।

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस साल आईपीएल प्ले-ऑफ में जगह बनाने की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है। टीम का यह सत्र बहुत खराब रहा है और उसने अब तक सिर्फ चार मैच जीते हैं। अब टीम सत्र का अपना आखिरी मैच रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!