दिल्ली में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने वाले को दिए जाएंगे 25 हजार रुपये: रेखा गुप्ता
Feb 23, 2026 8:28 PM
नयी दिल्ली: दिल्ली सरकार ने सड़क हादसों में जख्मी हुए व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों को नकद पुरस्कार देने वाली केंद्र की ‘राह-वीर’ योजना को लागू करने का सोमवार को फैसला किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस मानवीय पहल को प्रोत्साहन देने के लिए आर्थिक पुरस्कार की व्यवस्था की है ताकि आम नागरिक बिना किसी भय के दुर्घटना पीड़ितों की सहायता कर सकें।
गुप्ता के मुताबिक, इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को ‘गोल्डन ऑवर’ (अहम समय) के भीतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर लोग कानूनी झंझट या पुलिस कार्यवाही के भय से मदद करने से बचते हैं, लेकिन यह योजना उस भय को दूर कर नागरिकों को आगे आने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
उन्होंने कहा कि मदद करने वाले को प्रोत्साहन राशि और कानूनी संरक्षण मिलने से अधिक लोग दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का साहस करेंगे, जिससे अनमोल जीवन बचाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत कोई भी व्यक्ति, जिसने किसी गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल सहायता दी हो और उसे ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया हो, वह पुरस्कार के लिए पात्र होगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रत्येक मामले में ‘राह-वीर’ को 25 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना के तहत वर्ष भर में चयनित 10 सर्वश्रेष्ठ ‘राह-वीरों’ को राष्ट्रीय स्तर पर एक-एक लाख रुपये का विशेष पुरस्कार भी दिया जाएगा।