Search

नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के खिलाफ दिल्ली में एनटीए के कार्यालय के बाहर एबीवीपी का प्रदर्शन

May 13, 2026 4:11 PM

नई दिल्ली: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने नीट-यूजी 2026 का प्रश्नपत्र लीक होने और अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद परीक्षा रद्द किए जाने के खिलाफ बुधवार को दिल्ली में एनटीए के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ नारेबाजी की और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन में व्यापक पारदर्शिता बरतने की मांग भी की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के सदस्यों ने एनटीए के कार्यालय में घुसने की कोशिश की और परिसर के बाहर लगे पुलिस अवरोधक पार करने कर दिए। हालांकि परिसर के बाहर तैनात दिल्ली पुलिस और त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के कर्मियों ने उन्हें पीछे धकेल दिया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एनटीए के कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “किसी को भी कानून-व्यवस्था का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा। एनटीए के कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात हैं।” राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) के प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के मद्देनजर मंगलवार को परीक्षा रद्द कर दी थी और सरकार ने सीबीआई को इन ‘अनियमितताओं’ की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!