Search

दिल्ली और पुणे के बाद अब अमृतसर में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, छात्रों के मुद्दों पर फोकस

Jun 12, 2026 12:23 PM

चंडीगढ़: दिल्ली, पुणे और लखनऊ के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पंजाब में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घोषणा की है कि 13 जून को अमृतसर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य NEET और अन्य परीक्षा संबंधी मुद्दों पर छात्रों की आवाज उठाना बताया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए संदेश में दीपके ने पंजाब के युवाओं और छात्रों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। पार्टी के अनुसार अभिजीत दीपके 13 जून को शाम करीब 4 बजे अमृतसर पहुंचेंगे। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए युवाओं को शहर के मुख्य प्रवेश द्वार क्षेत्र में एकत्र होने का आह्वान किया गया है।

पार्टी का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। CJP का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों के कारण छात्रों का भरोसा प्रभावित हुआ है। अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि छात्र और युवा एकजुट होकर अपनी बात रखें तो परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए दबाव बनाया जा सकता है।

कैसे चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी?

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में सोशल मीडिया पर हुए एक विवाद के बाद चर्चा में आई। पार्टी के समर्थकों के अनुसार यह पहल युवाओं, बेरोजगारों और छात्रों से जुड़े मुद्दों को व्यंग्यात्मक और डिजिटल तरीके से उठाने के उद्देश्य से शुरू हुई थी। 16 मई 2026 को अभिजीत दीपके ने ऑनलाइन मंचों के जरिए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की घोषणा की। शुरुआत में इसे एक व्यंग्यात्मक अभियान माना गया, लेकिन कुछ ही दिनों में यह सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ने लगे।

पार्टी का दावा है कि उसके सोशल मीडिया अभियानों को युवाओं का व्यापक समर्थन मिला है। सदस्यता अभियान भी पारंपरिक राजनीतिक दलों से अलग और व्यंग्यात्मक शैली में चलाया गया। इसी रणनीति के कारण CJP डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चर्चा का विषय बनी रही। पार्टी ने इसके बाद विभिन्न छात्र और शिक्षा संबंधी मुद्दों पर अपनी राय सार्वजनिक रूप से रखनी शुरू कर दी।

दिल्ली, पुणे और लखनऊ के बाद अब पंजाब

पार्टी पहले नई दिल्ली और पुणे में प्रदर्शन आयोजित कर चुकी है। 12 जून को लखनऊ में भी विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अब पंजाब में अमृतसर को अगले प्रदर्शन स्थल के रूप में चुना गया है। पार्टी का दावा है कि वह छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए विभिन्न राज्यों में कार्यक्रम आयोजित करेगी।

CJP ने आने वाले दिनों में राजस्थान, कर्नाटक और तेलंगाना समेत कई राज्यों में भी कार्यक्रम आयोजित करने की योजना की जानकारी दी है। पार्टी के अनुसार जयपुर, बेंगलुरु और हैदराबाद में भी विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। पार्टी का कहना है कि उसका मुख्य फोकस NEET, CBSE और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के हितों की रक्षा पर रहेगा। अमृतसर का कार्यक्रम इसी राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!