केंद्र सरकार का NEET-UG परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला, अगले साल से ऑनलाइन होगी NEET-UG परीक्षा, 21 जून को रीएग्जाम
May 15, 2026 2:36 PM
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा की कि अगले सत्र से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा का पेपर लीक हुआ था। यही कारण था कि सरकार को परीक्षा रद्द करने का फैसला लेना पड़ा। अब इस साल की दोबारा परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होगी, जो पेपर-पेन मोड में ही कराई जाएगी।
सरकार ने पहली बार माना- पेपर लीक हुआ था
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि किसी गलत उम्मीदवार का चयन हो। उन्होंने कहा कि 7 मई को परीक्षा में गड़बड़ी की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने सरकार को इसकी सूचना दी। इसके बाद 12 मई को परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। प्रधान ने कहा कि यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जरूरी था। उन्होंने कहा कि मंत्री, अभिभावक और प्रशासनिक जिम्मेदारी के तहत सरकार को यह कठिन निर्णय लेना पड़ा। इस बयान के बाद पहली बार केंद्र सरकार ने आधिकारिक रूप से पेपर लीक की पुष्टि की है।
21 जून को होगी री-NEET परीक्षा
शिक्षा मंत्री ने बताया कि री-NEET परीक्षा रविवार 21 जून को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा इस बार ऑफलाइन मोड यानी पेपर और पेन से ही होगी। छात्रों को परीक्षा में 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा ताकि वे बिना तनाव के परीक्षा पूरी कर सकें। इसके अलावा उम्मीदवारों को अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र चुनने की सुविधा भी दी जाएगी। सरकार ने कहा है कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत की जाएगी। इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। उस दौरान 5400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और लाखों छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे।
अगले साल से ऑनलाइन होगी NEET
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से NEET-UG को पूरी तरह ऑनलाइन करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उनका कहना है कि इससे पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी। उन्होंने बताया कि सरकार को परीक्षा सुधारों को लेकर कई सुझाव मिले हैं और उन पर काम किया जा रहा है। मंत्री ने यह भी कहा कि NTA का गठन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत किया गया था और एजेंसी की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
छात्रों के ट्रांसपोर्ट पर भी सरकार की नजर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि री-एग्जाम के दौरान छात्रों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकारों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में परीक्षा केंद्र दूर होने की समस्या सामने आती है, इसलिए इस बार उम्मीदवारों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि परीक्षा के दौरान किसी भी छात्र को यात्रा, सुरक्षा या अन्य व्यवस्थाओं को लेकर दिक्कत न हो। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जाएगी।
पेपर लीक मामले में 7 गिरफ्तारियां
NEET-UG पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है। एजेंसी अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के मांगी लाल बिंवाल, दिनेश बिंवाल, विकास बिंवाल, हरियाणा के गुरुग्राम निवासी यश यादव और नासिक के शुभम खैरनार शामिल हैं। इन आरोपियों को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें सात दिन की कस्टडी में भेज दिया। इसके अलावा पुणे से मनीषा वाघमारे और नासिक से धनंजय लोखंडे को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।