Search

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर अग्निकांड के संबंध में जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी

Jun 04, 2026 9:42 AM

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दक्षिण दिल्ली के जिलाधिकारी से मालवीय नगर अग्निकांड की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और चेतावनी दी कि अगर कोई लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी। गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘मालवीय नगर के गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग की वजह बनी खामियों की गंभीरता से जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसकी जवाबदेही तय की जाएगी।’’

उन्होंने बताया कि मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं और संपत्ति के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अवैध संपत्तियों, अनाधिकृत अतिथि गृहों और अग्नि सुरक्षा नियमों और भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ पूरे शहर में कार्रवाई शुरू की जाएगी। ऐसे परिसरों को सील किया जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।’’ दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके की एक भीड़भाड़ वाली गली में अग्निसुरक्षा संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के बीना संचालित एक होटल में बुधवार को भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कम से कम 21 लोग मारे गए, जिनमें 12 विदेशी भी शामिल थे।

मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टे बीएंडबी में आग सुबह करीब 8:30 बजे लगी और संकरी गली में स्थित पांच मंजिला इमारत में तेजी से फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि इमारत में प्रवेश और निकास का केवल एक ही रास्ता था, खिड़कियां स्थायी रूप से सील थीं और मुख्य दरवाजा सेंसर से संचालित होता था। इन सभी कारणों से इमारत एक तरह से मौत का जाल बन गई थी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!