Manjeet Kanheli Rohtak: रोहतक में इनेलो नेता मंजीत कन्हेली का पुलिस से हाथापाई का वीडियो वायरल, थाने में मचा था बवाल
Jun 04, 2026 11:42 AM
हरियाणा। हरियाणा में इनेलो नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तल्खी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अभय चौटाला और अर्जुन चौटाला द्वारा अधिकारियों को कथित तौर पर धमकाने के उपजे विवाद के बीच अब इनेलो के प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली का एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। रोहतक के शिवाजी कॉलोनी थाने के इस वीडियो में मंजीत कन्हेली पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस करते और देखते ही देखते हाथापाई पर उतारू होते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि,background जांच में पता चला है कि यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि अक्टूबर 2025 का है, जो अब जाकर सोशल मीडिया पर तैर रहा है।
पंचायत के दौरान बिगड़ी बात, बीच-बचाव में शांत हुआ मामला
जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में सुनारियां गांव की एक पंचायत किसी मामले को लेकर शिवाजी कॉलोनी थाने पहुँची थी। इस पंचायत में पैरवी के लिए इनेलो नेता मंजीत कन्हेली को भी शरीक होना था। बातचीत के दौरान थाने के भीतर ही पुलिस अधिकारियों और मंजीत के बीच किसी बात को लेकर तकरार हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के बीच मर्यादा की दीवार टूट गई और हाथापाई की नौबत आ गई। उस वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को जैसे-तैसे रफा-दफा कराया था।
खाकी की चुप्पी पर उठ रहे बड़े सवाल
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे हैरान करने वाली बात रोहतक पुलिस का रवैया रही। पुलिस थाने के भीतर कानून के रखवालों के साथ सीधे तौर पर हाथापाई हो गई, लेकिन तत्कालीन थाना प्रभारी (एसएचओ) ने इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई। रसूख के आगे घुटने टेकने की इस कहानी को दबाए रखा गया और किसी को भनक तक नहीं लगने दी गई। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि पुलिस ने वर्दी पर हाथ डालने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बजाय मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
बहन की हत्या के आरोप में जमानत पर हैं मंजीत
विवादों से मंजीत कन्हेली का नाता पुराना है। इनेलो के इस कद्दावर पदाधिकारी पर साल 2025 में रोहतक के एमडीयू (MDU) गेट के बाहर अपनी ही सगी बहन की हत्या करने का गंभीर आरोप है। पुलिस चार्जशीट के मुताबिक, मंजीत की बहन किसी युवक से प्रेम करती थी, जिसके खिलाफ जाकर मंजीत ने कथित तौर पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। ऑनर किलिंग का यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और मंजीत इस वक्त जमानत पर जेल से बाहर घूम रहे हैं।
"पार्टी को बदनाम करने और ब्लैकमेलिंग की साजिश"
इस पूरे मामले पर जब 'जग मार्ग' ने इनेलो प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली का पक्ष जानना चाहक, तो उन्होंने इसे राजनीतिक विरोधियों की साजिश करार दिया। मंजीत का कहना है कि यह वीडियो करीब सात-आठ महीने पुराना है और मामला उसी वक्त सुलझ गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस वीडियो के जरिए उन्हें लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहे थे और अब पार्टी की छवि खराब करने के लिए इसे जानबूझकर वायरल किया गया है। मंजीत ने इस मामले में जल्द ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।