Search

Cockroach Janta Party update: 'कॉकरोच जनता पार्टी' की वेबसाइट ब्लॉक, इंस्टाग्राम हैक; भड़के अभिजीत दीपके बोले- आंदोलन को हैक नहीं कर पाओगे

May 24, 2026 1:35 PM

दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी के बाद देश के युवाओं के स्वाभिमान के प्रतीक के रूप में उभरी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) और केंद्र सरकार के बीच की डिजिटल जंग अब अपने चरम पर पहुंच गई है। शनिवार सुबह इस आंदोलन को तब एक बड़ा झटका लगा जब इसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को निशाना बनाया गया। CJP ने शनिवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी कि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट का एक्सेस खो गया है। इसके कुछ ही घंटों बाद दोपहर में संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स (X) पर आकर एक और बड़ा खुलासा किया कि सरकार ने उनकी आधिकारिक वेबसाइट को पूरी तरह बंद कर दिया है। दीपके ने सरकार के इस कदम को तानाशाही रवैया बताते हुए कहा कि यह दमनकारी नीति भारत के युवाओं की आंखें खोलने का काम करेगी।

6 लाख युवाओं ने किए थे धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर दस्तखत; थम गया वेबसाइट का सर्वर

गौरतलब है कि नीट (NEET) परीक्षा में हुई कथित धांधली को लेकर CJP ने शुक्रवार को एक ऑनलाइन पिटीशन (याचिका) लॉन्च की थी, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की गई थी। इस वेबसाइट पर युवाओं का ऐसा हुजूम उमड़ा कि देखते ही देखते 10 लाख से ज्यादा छात्रों ने इस पर रजिस्ट्रेशन कर लिया और 6 लाख से ज्यादा लोग शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर डिजिटल साइन कर चुके थे।

अभिजीत दीपके का आधिकारिक बयान:

"आप हमारे सोशल मीडिया अकाउंट्स को हैक कर सकते हैं, हमारी वेबसाइट पर रोक लगा सकते हैं, लेकिन युवाओं के भीतर सुलग रही इस वैचारिक क्रांति और आंदोलन को हैक नहीं कर सकते। सरकार आखिर कॉकरोच से इतनी डरी हुई क्यों है?"

सोनम वांगचुक भी आंदोलन के समर्थन में उतरे, बोले- "मैं हूं ऑनरेरी कॉकरोच"

इस आंदोलन की गूंज अब सोशल मीडिया की दीवारों को लांघकर देश के बड़े बुद्धिजीवियों तक पहुंच चुकी है। लद्दाख के मशहूर पर्यावरणविद् और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने इस 'कॉकरोच मूवमेंट' को अपना खुला समर्थन दे दिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) से बात करते हुए वांगचुक ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा, "चूंकि मैं न तो बेरोजगार हूं और न ही आलसी, इसलिए मैं तकनीकी रूप से इस पार्टी का नियमित सदस्य तो नहीं बन सकता, लेकिन देश के युवाओं की इस मुहिम के साथ मेरी पूरी सहानुभूति है और मैं खुद को एक 'ऑनरेरी कॉकरोच' (मानद कॉकरोच) मानता हूं।"

सिर्फ 8 दिन में जोड़े 2.2 करोड़ फॉलोअर्स; बैकग्राउंड में धमकियों और ट्रेडमार्क का खेल

डिजिटल दुनिया के इतिहास में CJP का उभार किसी चमत्कार से कम नहीं है। महज 8 दिनों के भीतर इस हैंडल ने इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ 20 लाख फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया था। हालांकि, इस भारी लोकप्रियता के साथ ही इस आंदोलन के पीछे खतरों का साया भी मंडराने लगा है। अमेरिका में रहकर पढ़ाई कर रहे अभिजीत दीपके ने कुछ व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट साझा करते हुए दावा किया है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। भारत में रह रहे उनके माता-पिता भगवान और अनीता दीपके ने भी मौजूदा माहौल को देखकर अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर गहरा डर जाहिर किया है। खुद अभिजीत को भी अंदेशा है कि भारत लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

दूसरी तरफ, इस नाम की बढ़ती लोकप्रियता को भुनाने का कानूनी खेल भी शुरू हो गया है। सरकारी ट्रेडमार्क रजिस्ट्री पोर्टल पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम का अधिकार हासिल करने के लिए तीन अलग-अलग लोगों और प्रोपराइटरशिप फर्मों ने राजनीतिक और सामाजिक सेवाओं की श्रेणी के तहत आवेदन ठोक दिए हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!