Search

धनशोधन मामले में सरकारी गवाह बनने से संबंधित जैकलीन की याचिका पर अदालत ने मांगा ईडी से जवाब

Apr 17, 2026 5:06 PM

नई दिल्ली: दिल्ली की एक अदालत ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में सरकारी गवाह बनने से संबंधित अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस की याचिका पर शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जवाब मांगा। विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने एजेंसी को नोटिस जारी किया और मामले की सुनवाई के लिए अगली तारीख 20 अप्रैल तय की। जांच के सिलसिले में ईडी की ओर से कई बार तलब की जा चुकीं फर्नांडिस का नाम एजेंसी की ओर से दायर पूरक आरोपपत्र में पहली बार आरोपी के तौर सामने आया है।

पिछले साल तीन जुलाई को दिल्ली उच्च न्यायालय ने धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय जांच रिपोर्ट (ईसीआईआर) को रद्द करने की फर्नांडिस की याचिका खारिज कर दी थी। दो महीने बाद उच्चतम न्यायालय ने उच्च न्यायालय के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था। दिल्ली पुलिस ने रैनबैक्सी के पूर्व प्रवर्तकों शिविंदर सिंह और मलविंदर सिंह की पत्नियों से कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की ठगी के लिए चंद्रशेखर के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!