Search

दिल्ली में स्कूल बंद! शिक्षा निदेशालय ने किया समर वेकेशन का ऐलान, जानें कब खुलेंगे स्कूल

May 09, 2026 12:51 PM

दिल्ली। देश की राजधानी में पारा चढ़ने के साथ ही अब स्कूलों में लंबी छुट्टियों की बिसात बिछ गई है। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (DoE) ने ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर ताजा सर्कुलर जारी कर दिया है, जिससे साफ़ हो गया है कि इस बार बच्चों को 50 दिनों का लंबा ब्रेक मिलने वाला है। आदेश के मुताबिक, दिल्ली के तमाम सरकारी स्कूलों में 11 मई से छुट्टियां शुरू हो जाएंगी, जो 30 जून तक जारी रहेंगी। 1 जुलाई से स्कूल एक बार फिर अपनी पुरानी रौब में लौटेंगे।

पढ़ाई का नुकसान न हो, इसलिए लगेंगी 'स्पेशल क्लास'

शिक्षा विभाग ने छुट्टियों की घोषणा तो कर दी है, लेकिन ऊपरी कक्षाओं के छात्रों की पढ़ाई को लेकर भी मुस्तैदी दिखाई है। कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 11 मई से 23 मई तक रिमेडियल क्लासेस आयोजित की जाएंगी। इन कक्षाओं का मुख्य मकसद कमजोर छात्रों के बुनियादी कॉन्सेप्ट्स को स्पष्ट करना और बोर्ड परीक्षाओं के लिए उन्हें मानसिक रूप से तैयार करना है। निदेशालय ने साफ किया है कि सुबह की तपिश बढ़ने से पहले, यानी 7:30 बजे से 10:30 बजे के बीच ही ये कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

गणित और विज्ञान पर रहेगा खास फोकस

निदेशालय ने स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि 9वीं और 10वीं के स्तर पर गणित और विज्ञान जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए, क्योंकि अक्सर छात्र इन्हीं विषयों में पिछड़ जाते हैं। वहीं, 12वीं के छात्रों के लिए विषय का चयन उनके पिछले प्रदर्शन और जरूरत के आधार पर किया जाएगा। इन क्लासों में आने के लिए बच्चों को पूरी यूनिफॉर्म में आना होगा और उनकी उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। अभिभावकों की लिखित सहमति के बिना किसी भी छात्र को इन कक्षाओं में शामिल नहीं किया जाएगा।

लाइब्रेरी खुली रहेगी, शिक्षकों को मिलेगा 'क्रेडिट'

गर्मी की छुट्टियों के दौरान भी स्कूल की लाइब्रेरी खुली रखी जाएगी, ताकि स्वाध्याय (Self-study) करने वाले छात्र वहां बैठकर पढ़ाई कर सकें। स्कूल प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि भीषण गर्मी को देखते हुए ठंडे पेयजल और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। वहीं, छुट्टियों के दौरान ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को सरकार ने तोहफा देते हुए नियमानुसार 'अर्जित अवकाश' (Earned Leave) देने का फैसला किया है। जरूरत पड़ने पर गेस्ट और कॉन्ट्रैक्ट टीचर्स को भी इस विशेष अभियान का हिस्सा बनाया जा सकता है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!