रेलवे में नौकरी का सुनहरा मौका: 11 हजार से ज्यादा पदों पर निकलेगी 15 मई से करें अप्लाई
Mar 23, 2026 1:08 PM
दिल्ली। भारतीय रेलवे में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए रेल मंत्रालय ने पिटारा खोल दिया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने देशभर के विभिन्न जोनों में खाली पड़े असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के 11,127 पदों को भरने के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए उत्तर मध्य रेलवे, पूर्व तटीय रेलवे और मध्य रेलवे जैसे प्रमुख जोनों में बड़े स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि 10वीं पास के साथ-साथ तकनीकी योग्यता (ITI) रखने वाले अभ्यर्थी इस 'गोल्डन चांस' का लाभ उठा सकते हैं।
15 मई से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, आधार वेरिफिकेशन जरूरी
भर्ती के आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 मई से शुरू होकर 14 जून तक चलेगी। इस बार रेलवे ने चयन प्रक्रिया में धांधली रोकने के लिए 'आधार आधारित सत्यापन' (Aadhaar Based Verification) को पूरी तरह अनिवार्य कर दिया है। इसका अर्थ यह है कि आवेदन करते समय अभ्यर्थी का नाम और जन्मतिथि आधार कार्ड के डेटा से मेल खानी चाहिए। ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्पलाइज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आखिरी समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते अपना पंजीकरण पूरा कर लें।
वेतनमान और आयु सीमा का गणित
इन पदों पर चयनित होने वाले युवाओं को पे-लेवल 2 के तहत 19,900/- रुपये का प्रारंभिक मूल वेतन और रेलवे के नियमानुसार मिलने वाले अन्य भत्ते दिए जाएंगे। भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है, हालांकि आरक्षित वर्गों के लिए सरकारी नियमों के मुताबिक आयु में विशेष छूट का प्रावधान रखा गया है। रेलवे जोनों की बात करें तो ईस्ट कोस्ट रेलवे में सर्वाधिक 1625 और साउथ ईस्टर्न रेलवे में 1531 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं।
किस जोन में कितनी खाली हैं सीटें?
रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सेंट्रल रेलवे में 1400, नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे में 1276 और नॉर्थ सेंट्रल रेलवे में 457 पदों पर भर्ती की जाएगी। जानकारों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में एक साथ पदों का निकलना बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत है। जो युवा लोको पायलट बनकर ट्रेनों की कमान संभालना चाहते हैं, उनके लिए तैयारी तेज करने का यह सबसे सही वक्त है।