उपराज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने दिल्ली में की 25 नयी ‘अटल’ कैंटीन की शुरुआत
Feb 19, 2026
नयी दिल्ली: दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को राजधानी में 25 नयी अटल कैंटीन की शुरुआत की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
बयान के मुताबिक, कृष्णा नगर की नर्सरी बस्ती से डिजिटल माध्यम से इन कैंटीन का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही दिल्ली में अटल कैंटीन की कुल संख्या बढ़कर 71 हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में सरकार का लक्ष्य 100 अटल कैंटीन शुरू करने का है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।
उपराज्यपाल ने कहा कि अटल कैंटीन योजना आर्थिक रूप से कमजोर लोगों, प्रवासी मजदूरों, बाहर से पढ़ने आए छात्रों, रिक्शा चालकों, सफाई कर्मचारियों, घरेलू सहायकों और मजदूरों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है।
उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली सरकार हर थाली पर 25 रुपये की सब्सिडी दे रही है ताकि जरूरतमंद लोगों को सम्मान के साथ खाना मिल सके। कैंटीन में खाने की गुणवत्ता पर नियमित नजर रखी जाती है और साफ-सफाई व पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जाता है।
वहीं, मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि अटल कैंटीन मेहनतकश और जरूरतमंद लोगों को पांच रुपये में सम्मानजनक व पौष्टिक भोजन देने की पहल है। उन्होंने कहा कि योजना पारदर्शिता के साथ संचालित हो रही है और यह सरकार के गरीबों के कल्याण व समावेशी विकास के संकल्प का हिस्सा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वाद में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल कैंटीन उन लोगों के लिए हैं, जो प्रतिदिन कठिन परिश्रम करते हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि उन्हें सस्ती कीमत पर सम्मानजनक और पौष्टिक भोजन मिले।
उन्होंने कहा कि यह योजना केवल खाना देने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीबों, मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों, निर्माण श्रमिकों और रिक्शा चालकों के जीवन में सम्मान और सुरक्षा का एहसास भी देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है ताकि कोई भी भूखा न सोए।
गुप्ता ने बताया कि कैंटीन में दाल, चावल, रोटी और सब्जी जैसे संतुलित भोजन परोसे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु रखने के लिए डिजिटल टोकन सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सरकार ‘अंत्योदय’ के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले साल 25 दिसंबर से शुरू हुई अटल कैंटीन योजना के तहत अब तक 57 दिनों में 14,58,301 लोगों ने केवल पांच रुपये में पौष्टिक भोजन किया है।
मंत्री ने बताया कि पिछले 56 दिनों में 46 अटल कैंटीन चल रही थीं, जहां प्रतिदिन औसतन करीब 26 हजार लोगों ने भोजन किया। हर कैंटीन में औसतन 31 हजार से ज्यादा लोगों को भोजन दिया गया है।
उद्घाटन के बाद उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य लोगों ने कैंटीन में आम लोगों के साथ भोजन किया। बयान के मुताबिक, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड द्वारा संचालित ये कैंटीन विशेष रूप से श्रमिक वर्ग और जरूरतमंद नागरिकों को मात्र पांच रुपये में पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराएंगी।