नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई अन्य नेताओं ने बी. आर. आंबेडकर की 69वीं पुण्यतिथि पर संसद भवन परिसर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी मुर्मू, राधाकृष्णन और मोदी के साथ संसद परिसर में स्थित प्रेरणा स्थल पर भारतीय संविधान के शिल्पकार आंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की। राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "मैं महापरिनिर्वाण दिवस पर हमारे संविधान के मुख्य शिल्पकार और सामाजिक न्याय के प्रखर समर्थक भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि आंबेडकर का दूरदर्शी नेतृत्व और न्याय, समानता तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनका अटूट समर्पण देश का मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि आंबेडकर ने पीढ़ियों को मानव गरिमा को बनाए रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने लिए प्रेरित किया है। सामाजिक न्याय मंत्री वीरेन्द्र कुमार, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू समेत कई नेताओं ने भी संसद परिसर में आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

You may also like:

Please Login to comment in the post!