NEET UG 2026 एडमिट कार्ड जारी: परीक्षा केंद्र जाने से पहले जान लें ये सख्त नियम
Apr 27, 2026 10:28 AM
दिल्ली। मेडिकल की पढ़ाई का सपना संजोए लाखों युवाओं का इंतजार अब खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 'नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट' (NEET) के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। 3 मई को होने वाली इस महा-परीक्षा में इस बार 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। चूंकि परीक्षा ऑफलाइन मोड यानी पेन-पेपर पर होनी है, इसलिए एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए परीक्षा केंद्र के पते और रिपोर्टिंग टाइम को बारीकी से पढ़ लें ताकि ऐन वक्त पर किसी तरह की अफरा-तफरी न मचे।
समय का रखें खास ख्याल: दोपहर 1:30 बजे बंद हो जाएंगे गेट
परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से निर्धारित है, लेकिन छात्रों को काफी पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश की प्रक्रिया सुबह 11:00 बजे से ही शुरू कर दी जाएगी। ध्यान देने वाली बात यह है कि दोपहर 1:30 बजे एंट्री का गेट आखिरी बार बंद होगा, इसके बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। विशेषज्ञों का सुझाव है कि छात्र अपने घर से सेंटर की दूरी और ट्रैफिक का आकलन पहले ही कर लें, क्योंकि नीट जैसी संवेदनशील परीक्षा में देरी के लिए कोई जगह नहीं होती।
ड्रेस कोड और सख्ती: झुमके और बड़े बटन से भी होगा परहेज
एनटीए ने इस बार भी नकल रोकने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। सिर्फ तकनीकी चीजें ही नहीं, बल्कि छात्रों के पहनावे पर भी कड़ी नजर रहेगी। बड़े बटन वाले कपड़े, बेल्ट, टोपी और जूतों के स्थान पर सैंडल या चप्पल पहनकर आने की सलाह दी गई है। छात्राओं के लिए गले का हार, अंगूठी, झुमके या कंगन जैसे आभूषण पहनकर आना वर्जित होगा। पेन और पेंसिल बॉक्स भी अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी, एजेंसी खुद परीक्षा के लिए पेन उपलब्ध कराएगी।
ऐसे हासिल करें अपना प्रवेश पत्र: स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए छात्रों को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल neet.nta.nic.in पर लॉग-इन करना होगा। होमपेज पर 'NEET UG 2026 Admit Card' के लिंक पर क्लिक करने के बाद आपको अपना एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि या पासवर्ड दर्ज करना होगा। सिक्योरिटी पिन भरकर सबमिट करते ही आपका एडमिट कार्ड स्क्रीन पर आ जाएगा। छात्र इसे पीडीएफ फॉर्मेट में सुरक्षित कर लें और इसका एक स्पष्ट कलर प्रिंट आउट जरूर निकाल लें, क्योंकि परीक्षा केंद्र पर फोटो के साथ हार्ड कॉपी ले जाना अनिवार्य है।