नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मेट्रो वाला नियम लागू; अब बिना टिकट एंट्री हुई बंद, देखें नए नियम
Apr 25, 2026 10:38 AM
दिल्ली। दिल्ली का दिल कहे जाने वाले नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अब अनुभव पूरी तरह बदलने वाला है। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने और सुरक्षा पुख्ता करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अब यहां प्लेटफॉर्म पर प्रवेश पाना किसी मेट्रो स्टेशन में दाखिल होने जैसा होगा। रेलवे ने साफ कर दिया है कि अब किसी भी यात्री को बिना वैध टिकट के प्लेटफॉर्म या स्टेशन परिसर के अंदर भटकने की इजाजत नहीं दी जाएगी। यह नई व्यवस्था विशेष रूप से बढ़ती भीड़ को छांटने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए की गई है।
अजमेरी गेट पर पायलट प्रोजेक्ट: टर्न स्टाइल गेट से होगी एंट्री
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, इस एक्सेस कंट्रोल सिस्टम की टेस्टिंग फिलहाल अजमेरी गेट की तरफ गेट नंबर 9 पर की जा रही है। यहां आधुनिक टर्न स्टाइल गेट लगाए गए हैं, जो केवल टिकट स्कैन करने या वैध होने पर ही खुलेंगे। इस पहल का उद्देश्य स्टेशन पर मौजूद उन लोगों को बाहर करना है जो केवल भीड़ बढ़ाते हैं। अगर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो जल्द ही इसे पुरानी दिल्ली, आनंद विहार और हजरत निजामुद्दीन जैसे अन्य बड़े स्टेशनों पर भी लागू कर दिया जाएगा।
हादसों से सबक: प्लेटफॉर्म पर नहीं, 'होल्डिंग एरिया' में रुकेंगे यात्री
बीते वर्षों में त्योहारों या विशेष मौकों पर प्लेटफॉर्म पर हुई भगदड़ की घटनाओं से सबक लेते हुए रेलवे ने बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। प्लेटफॉर्म नंबर 16 की तरफ एक विशाल होल्डिंग एरिया (स्थायी प्रतीक्षालय) बनाया गया है। इसमें एक साथ 7 हजार यात्री बैठ सकते हैं। अब ट्रेन आने से पहले यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जमा होने के बजाय इसी एरिया में रुकना होगा। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर लगेगी, यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से सीधे प्लेटफॉर्म पर जाने दिया जाएगा। इससे ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म पर दबाव कम होगा।
आरपीएफ संभालेगी मोर्चा, टिकट चेकिंग होगी सख्त
सुरक्षा के मोर्चे पर अब रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान न केवल भीड़ को संभालेंगे, बल्कि प्रवेश द्वारों पर लाइन प्रबंधन का काम भी देखेंगे। आरक्षित और जनरल टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग लाइनें बनाई गई हैं ताकि अफरातफरी न मचे। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस सिस्टम से न केवल यात्रियों का आवागमन सुरक्षित होगा, बल्कि बिना टिकट यात्रा करने वालों और असामाजिक तत्वों पर भी लगाम लगेगी।