Search

प्रधानमंत्री रविवार को दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे

Mar 07, 2026 9:57 PM

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली में रविवार को लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनमें दो नए मेट्रो कॉरिडोर भी शामिल हैं, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के बुनियादी ढांचे में मजबूती आएगी।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक सभा को भी संबोधित करेंगे। आधिकारिक बयान के अनुसार, कार्यक्रम से पहले मोदी सरोजिनी नगर स्थित ‘जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन’ (जीपीआरए) टाइप-5 क्वार्टर का दौरा करेंगे और महिला आवंटियों को चाबियां सौंपेंगे। इसमें कहा गया कि वह पिंक लाइन के 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर और मैजेंटा लाइन के 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे।

बयान के अनुसार, मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर खंड से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार जैसे क्षेत्रों को लाभ होगा, जिससे उत्तरी और पूर्वी दिल्ली में कनेक्टिविटी मजबूत होगी। दीपाली चौक-मजलिस पार्क खंड मैजेंटा लाइन का एक उन्नत विस्तार है और मधुबन चौक, उत्तर पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर बादली मोड़ तथा भलस्वा जैसे क्षेत्रों को जोड़ेगा।

बयान में कहा गया कि इन खंडों के जुड़ने से पिंक लाइन तथा मैजेंटा लाइन नेटवर्क का और विस्तार होगा, जिससे अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी में सुधार होगा तथा राजधानी में दैनिक यात्रियों के लिए यात्रा आसान हो जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी विस्तार योजना के चरण 5-ए के तहत तीन नए दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे, जिनकी कुल लंबाई लगभग 16.1 किलोमीटर होगी।

इसमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर, एयरोसिटी-इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-1 कॉरिडोर और तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज कॉरिडोर शामिल हैं, जिनसे मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नोएडा और हवाई अड्डे के बीच कनेक्टिविटी में सुधार होने की उम्मीद है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बयान में कहा कि यह दिल्ली में तेज, सुगम और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा प्रदान करेंगी बल्कि सड़कों पर निजी वाहनों के दबाव को कम करने और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को मजबूत करने में भी मदद करेंगी।

दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का विस्तार है, और इसके शुरू होने के साथ ही इस लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉरिडोर के माध्यम से कई आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क के साथ बेहतर ढंग से एकीकृत किया जाएगा, जिससे यात्रियों के लिए निर्बाध और समय पर यात्रा सुनिश्चित होगी।

प्रधानमंत्री मोदी मेट्रो नेटवर्क के चरण-5 (ए) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक का सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक का कॉरिडोर और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक का कॉरिडोर शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के पूरा होने पर, दिल्ली के प्रशासनिक, वाणिज्यिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी में काफी सुधार होगा, साथ ही हवाई अड्डे तक मेट्रो की तेज और अधिक सीधी पहुंच सुनिश्चित होगी। मेट्रो परियोजनाओं के अलावा, प्रधानमंत्री ‘जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन’ (जीपीआरए) कॉलोनियों के पुनर्विकास के तहत लगभग 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे।

सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में फैली इस पुनर्विकास योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों के लिए 9,350 से अधिक आधुनिक फ्लैट और लगभग 48 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!