नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को शुक्रवार को प्रसारित होने वाले विशेष ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम को देखने के लिए मंगलवार को आमंत्रित किया, जिसमें भारत के युवाओं की रोचक बातचीत और सामूहिक भावना देखने को मिलेगी। प्रधानमंत्री ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से युवा छात्रों से बातचीत करते हैं। इस वर्ष, परीक्षार्थियों के साथ संवाद सत्र गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, असम के गुवाहाटी और दिल्ली में सात, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर आयोजित किए गए।
मोदी ने ‘एक्स’ पर किया पोस्ट
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमेशा की तरह, अपने युवा दोस्तों के साथ बातचीत करना और तनाव मुक्त परीक्षाओं एवं कई अन्य चीजों पर चर्चा करना ताजगी भरा होता है।’’ उन्होंने तनावमुक्त परीक्षाओं के महत्व पर जोर दिया और चुनौतियों पर काबू पाने, संतुलन बनाए रखने तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के बारे में व्यावहारिक सुझाव साझा किए।
4.5 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण
‘परीक्षा पे चर्चा’ के लिए 4.5 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया और इसके अतिरिक्त 2.26 करोड़ लोगों ने इस कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस प्रकार इस वर्ष कुल भागीदारी 6.76 करोड़ से अधिक हो गई है।