Search

Sapna Choudhary News: "आजकल आदमियों से मेरी बनती नहीं", दिल्ली के मंच पर सपना चौधरी का पति वीर साहू पर परोक्ष तंज

Jun 16, 2026 12:19 PM

दिल्ली। हरियाणवी म्यूजिक और डांस इंडस्ट्री की क्वीन सपना चौधरी इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। पति वीर साहू के साथ उनकी अनबन की खबरें काफी समय से बाजार में तैर रही हैं, लेकिन अब इस पारिवारिक कलह की टीस खुद सपना के मुंह से सरेआम बयां होने लगी है। दिल्ली में आयोजित एक बड़े सांस्कृतिक मंच पर जब देश भर के हरियाणवी कलाकार जुटे, तो वहां सपना चौधरी का एक अलग ही रूप देखने को मिला। मंच पर जब जाने-माने सिंगर मासूम शर्मा उनके करीब आकर गाने लगे, तो सपना ने मजाकिया लेकिन बेहद तीखे लहजे में कह दिया, "आजकल मेरी आदमियों से बन नहीं रही है।" उनके इस एक वाक्य ने वहां मौजूद दर्शकों और पूरी इंडस्ट्री के भीतर कानाफूसी का दौर शुरू कर दिया है।

'मर्द के पास सिर्फ ईगो है, औरतें सब सह लेती हैं'

यह कोई पहली बार नहीं है जब सपना ने पुरुषों की फितरत या अपने रिश्तों को लेकर सार्वजनिक तौर पर अपनी भड़ास निकाली हो। इससे पहले भी एक चर्चित पॉडकास्ट में वे स्त्री-पुरुष के बिखरते रिश्तों पर बेहद बेबाकी से अपनी राय रख चुकी हैं। सपना ने उस दौरान साफ कहा था कि आज के जमाने में ऐसे पुरुष उंगलियों पर गिनने लायक ही बचे हैं, जिनके भीतर सच्चा प्यार, समर्पण और कोई शिद्दत बची हो। उन्होंने मर्दों की मानसिकता पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा था कि मर्द के पास केवल उसका ईगो (अहंकार) होता है, जबकि महिलाओं के भीतर सहनशीलता का समंदर होता है। औरतें इतनी गहरी होती हैं कि मर्द बाहर मुंह मारकर भी घर लौट आए और झूठ कह दे कि वह सिर्फ उसी से प्यार करता है, तो औरतें 'चल कोई बात नहीं' कहकर उसे गले लगा लेती हैं, लेकिन कोई मर्द ऐसा कभी नहीं कर सकता।

'दिमाग कहीं और जा रहा है...' मंच संभालते ही दिए संकेत

दिल्ली के इस कार्यक्रम में जैसे ही सपना चौधरी ने माइक हाथ में लिया, उनके हाव-भाव बदले हुए थे। उन्होंने दर्शकों से मुखातिब होते हुए कहा, "आज यहां स्टूडियो में पहुंची तो हूं, सामने देख रही हूं लेकिन मेरा दिमाग कहीं और ही दौड़ रहा है।" इसके बाद उन्होंने ठेठ हरियाणवी अंदाज में सबको राम-राम किया और पूछा कि सब राजी-खुशी तो हैं न? इसी बीच उन्होंने कलाकारों की भीड़ और सामने बैठी जनता से मुस्कुराते हुए पूछा, "मन्ने देखकर किसी ने जलन हो रही है के?" हालांकि स्टेज पर माहौल हल्का करने के लिए उन्होंने हंसी-मजाक का सहारा लिया, लेकिन उनके चेहरे पर वो तनाव साफ पढ़ा जा सकता था जिसे वे छिपाने की कोशिश कर रही थीं।

'डट जाओ, आज सारा टैलेंट यहीं दिखाओगे के?' कलाकारों को भी लपेटा

मंच का संचालन कर रहे वरिष्ठ कलाकार जगबीर राठी ने जब सभी नामचीन फनकारों को एक साथ कोरस गाने के लिए आवाज दी, तो सपना ने कहा कि आज वह सबका यह वहम दूर कर देंगी कि उन्हें सिर्फ ठुमके लगाने आते हैं, वे गाना भी गा सकती हैं। सपना ने अपना पसंदीदा ट्रैक "बोल तेरे मीठे-मीठे" गाना शुरू किया। जैसे ही गाने के बोल आए— 'रात ने नींद ना आवे, आवे सपने आवे, या दुनिया दुश्मन दिखे, मन्ने अपने ना भावे...' सपना पूरी तरह उस दर्द में डूबी नजर आईं। इसी बीच जब बाकी कलाकार उनके बेहद करीब आने लगे तो सपना ने तुरंत टोकते हुए कहा, "मका डट जाओ, शांति से गा लो। आज सारा ही टैलेंट दिखाओगे क्या, सारे ही घुसे जा रहे हैं।" उनकी इस फटकार पर पंडाल ठहाकों से गूंज उठा।

13 साल पुराने गानों का जलवा, कहा- 'गाने हिट हों या न हों, मुझे आपका प्यार चाहिए'

सपना चौधरी ने अपने पुराने दौर को याद करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि "आँखों का काजल", "चेतक", "इंग्लिश मीडियम" और "तू चीज लाजवाब है" जैसे गानों को रिलीज हुए करीब 12 से 13 साल बीत चुके हैं, लेकिन देश के किसी भी कोने में आज भी पैर रखने पर जनता इन्हीं गानों की फरमाइश करती है। उन्होंने कहा कि हम कलाकार अपने माता-पिता और भाई-बहनों से ज्यादा समय एक-दूसरे के साथ सफर में बिताते हैं, इसलिए यह इंडस्ट्री ही मेरा परिवार है। मैं आज भी वैसी ही हूं और बुढ़ापे में भी ऐसी ही रहूंगी। सपना ने अंत में कहा कि उनके नए गाने हिट हों या फ्लॉप, उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं है, वे बस अपने चाहने वालों के दिलों में जिंदा रहना चाहती हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!